भदोही में कांस्टेबल से ठगी, सर्राफा कारोबारी पर लाखो के जेवर हड़पने का आरोप,  मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

भदोही। भदोही जिले में एक कांस्टेबल के 45 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और 20 लाख रुपये हड़पने के आरोप में एक सर्राफा कारोबारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कांस्टेबल विनय तिवारी की शिकायत पर औराई थाना क्षेत्र के घोसिया स्थित विशाल ज्वेलर्स के मालिक किशन सेठ के खिलाफ विश्वासघात, आपराधिक धमकी और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने के आरोपों में सोमवार शाम मुकदमा दर्ज किया गया। उसने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। 

औराई थाना प्रभारी अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 2019 से 2020 के बीच गोपीगंज थाने में तैनाती के दौरान कांस्टेबल विनय तिवारी जिस मकान में किराए पर रहते थे उसी मकान में किशन सेठ भी रहता था, ऐसे में दोनों के बीच जान-पहचान हो गई।

त्रिपाठी ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि तिवारी ने 2019 से 2023 के बीच अपने तथा कुछ रिश्तेदारों के लगभग 700 ग्राम सोने-चांदी के जेवर ठीक कराने और नए डिजाइन में तैयार कराने के लिए किशन सेठ को दिए थे, उस समय इन जेवरों की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई थी। 

उन्होंने बताया कि इसी दौरान किशन सेठ ने कारोबार बढ़ाने के लिए विनय तिवारी से 20 लाख रुपये यह कहकर लिए कि वह यह रकम एक वर्ष में लौटा देगा। त्रिपाठी के अनुसार, 2023 में कांस्टेबल विनय तिवारी का तबादला दूसरे जिले में हो गया, जिसके बाद किशन सेठ की नीयत बदल गई। 

थाना प्रभारी ने बताया कि 2024 में दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत किशन सेठ को ढाई वर्ष में हर महीने 3.333 ग्राम जेवर लौटाने थे और 20 लाख रुपये चेक के माध्यम से वापस करने थे। 

उन्होंने बताया कि तिवारी का आरोप है कि समझौते के बावजूद किशन सेठ ने न तो जेवर लौटाए और न ही 20 लाख रुपये वापस किए। पुलिस ने तिवारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, त्रिपाठी ने यह नहीं बताया कि कांस्टेबल ने किन रिश्तेदारों के जेवर आरोपी को दिए थे और उसके पास 20 लाख रुपये कहां से आए।

ये भी पढ़ें  : 
खरीफ-2026 में 302.62 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य, कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में बोले सीएम योगी 

 

 

संबंधित समाचार