Bareilly News: सफर से पहले इस जानकारी पर दें ध्यान...रेलवे ने बदल दिया है कई ट्रेनों का रूट
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है। इसका असर दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा।
बदले रूट से चलेगी मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस
रेलवे प्रशासन के अनुसार 29 मई और 5 जून को चलने वाली 12211 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस अब छपरा ग्रामीण-भटनी-गोरखपुर मार्ग से चलेगी। वहीं 20 मई और 3 जून को चलने वाली 12212 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस भी बदले हुए रूट से संचालित होगी।
इन स्टेशनों पर नहीं जाएंगी डायवर्ट ट्रेनें
मार्ग परिवर्तन के कारण ये ट्रेनें चकिया, बापूधाम मोतिहारी, सगौली, बेतिया, नरकटियागंज और बगहा स्टेशनों पर नहीं जाएंगी। इससे बिहार और पश्चिम चंपारण क्षेत्र से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
मरम्मत कार्यों के चलते लिया गया ब्लॉक
रेलवे प्रशासन ने 20 मई से 8 जून तक चलने वाली 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनस विशेष गाड़ी सकरी-मुजफ्फरपुर-छपरा ग्रामीण-गोरखपुर होकर चलाई जाएगी। यह ट्रेन शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, हरिनगर, बगहा, सिसवा बाजार और कप्तानगंज स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव उनौला-पिपराइच स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य और 6 से 8 जून तक होने वाले नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण किया गया है।
नियंत्रित की जाएगी बांद्रा एक्सप्रेस
19 मई को बांद्रा टर्मिनस से रवाना हुई 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस को विभिन्न रेल मंडलों में नियंत्रित कर चलाया जाएगा। ट्रेन को पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे में 30-30 मिनट और पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
