मऊ दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ, कई बड़ी परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
अमृत विचार : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मऊ जनपद के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पाती गांव पहुंचे। बता दें कि सीएम योगी ने 392 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रशासनिक दौरे के बीच मऊ को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिली।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2060247056493715713?s=20
वहीं, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता को संबोधित किया। सीएम योगी ने पूर्वांचल के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए तेज गति से विकास कार्यों का दावा किया। मऊ दौरे को पूर्वांचल में विकास और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बेटी व्यापारी को छेड़ने वाले का इंतजार अब यमराज करते हैं: योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में माफिया, गुंडे और बदमाश अपनी औकात में आ गए हैं तथा प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। अब किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगा सके। मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई अपराधी बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने की सोचता भी है तो उसका इंतजार यमराज करते हैं।
सपा पर साधा निशाना
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में नेताओं की स्थिति ऐसी थी कि माफियाओं को देखकर उनके पसीने छूट जाते थे, जबकि आज माफिया प्रदेश से गायब हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में रामलीला, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रक्षाबंधन, होली, दीपावली और दशहरा जैसे सभी पर्व-त्योहार उत्साह और शांति के साथ मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब किसी गुंडे या माफिया में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह किसी पर्व या त्योहार में विघ्न डाल सके। यदि कोई ऐसा प्रयास करता है तो उसकी दुर्गति रावण और कंस की तरह होना तय है।
गरीब, युवा, नारी और किसान को केंद्र में रखकर योजनायें बना रही है सरकार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता किसान को केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है और इन चार वर्गों का उत्थान होने पर भारत दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बन जाएगा। मऊ जिले के मधुबन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने और वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद विकास की योजनाओं को नई गति मिली।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल चार "जातियों" - गरीब, युवा, नारी और किसान - को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीबों के लिए 65 लाख आवास बनवाए और दो करोड़ 75 लाख शौचालयों का निर्माण कराया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में ऐसी योजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है, जबकि पहले गरीबों का राशन बिचौलिये और गुंडे खा जाते थे। आयुष्मान भारत योजना के तहत 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं और उनका निशुल्क उपचार कराया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2005 में मऊ दंगों का गवाह बना था, जब रामलीला जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में भी विघ्न डाला गया और पूरे प्रदेश में दंगा, अपराध और कर्फ्यू का माहौल था। उन्होंने कहा कि उस दौर में प्रदेश के युवाओं की पहचान संकट में पड़ गई थी और दूसरे राज्यों में भी उत्तर प्रदेश के युवाओं को सम्मान नहीं मिलता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में बदलाव का दौर शुरू हुआ।
हालांकि 2014 से 2017 के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं को उत्तर प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। यदि किसी किसान या खेतिहर मजदूर के साथ दुर्घटना होती है, तो सरकार 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराती है।
उन्होने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, युवा, महिला और किसानों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभा को प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान और ओमप्रकाश राजभर समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :
मौसम विभाग का अलर्ट जारी : यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 15 राज्यों के लिए बारिश-तूफान की चेतावनी
