Barabanki News : विभागीय लापरवाही पर अधिशाषी अभियंता निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। विभागीय कार्यों में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में विद्युत वितरण खंड बुढ़वल रामनगर के अधिशाषी अभियंता हरिपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने की है।

निलंबन के बाद उन्हें मुख्य अभियंता वितरण बरेली द्वितीय कार्यालय से संबद्ध किया गया है। जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी सौम्या गुप्ता ने 31 दिसंबर 2025 को 400 केवीए के नए विद्युत संयोजन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन किया था और उसी दिन प्राक्कलन धनराशि भी जमा कर दी थी, लेकिन 27 मई 2026 तक कनेक्शन जारी नहीं किया गया।

वहीं सुढ़ियामऊ में तैनात अवर अभियंता शरदेंदु प्रकाश मिश्रा का 17 अप्रैल 2026 को स्थानांतरण होने के बावजूद कार्यमुक्त नहीं किया गया। इसके अलावा तीन मार्च 2026 के बिलिंग डाटा में विद्युत वितरण खंड रामनगर के 35,881 गैर सरकारी बकायेदारों पर करीब 1.54 करोड़ रुपये बकाया पाए गए, जिसकी प्रभावी वसूली भी नहीं हो सकी। इन मामलों को गंभीर मानते हुए 28 मई को निलंबन आदेश जारी किया गया। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

संबंधित समाचार