UP News: कंटेनर लूट कांड का मास्टर माइंड मुठभेड़ पुलिस ने दबोचा, 4 साथी भी गिरफ्तार
उन्नाव, अमृत विचार। पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम मदद से चालक को घायल कर फ्रिज व एसी लदे कंटेनर लूट कांड का खुलासा किया है। पुलिस ने मास्टर माइंड को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। वहीं 4 साथी अलग-अलग जगह से पकड़े।
25 मई को की थी लूट
एसएसपी जयप्रकाश प्रकाश सिंह ने बताया कि सोहरामऊ थानाक्षेत्र के आशा खेड़ा गांव स्थित वेयर हाउस से बीती 25 मई को 77 फ्रिज व 44 एसी लादकर कानपुर जा रहा कंटेनर लापता हो गया था। जीपीएस लोकेशन ट्रैक कर रहे कंटेनर मालिक राजेश गुप्ता ने बंथर के बाद कंटेनर वापस लखनऊ की ओर मुड़ते देखा तो उन्हें शक हुआ। लेकिन कुछ देर बाद जीपीएस लोकेशन कट गई। तलाश के दौरान कंटेंस चालक नीरज कुमार लहूलुहान हालत में अजगैन के चमरौली के पास पड़ा मिला।
लुटेरों ने बदल दिया था कंटेनर का नंबर
लूट कांड के खुलासे में जुटी पुलिस व एसओजी की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे बढ़ रही थी। लेकिन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बाद कंटेनर का कोई सुराग नहीं लगा। बाद में सामने आया कि लुटेरों ने उसका नंबर बदल दिया और टोल प्लाजा पर नगद भुगतान कर निकल रहे हैं। तभी एक्टिव सर्विलांस टीम को कंटेनर की लोकेशन के साथ 2 मोबाइल नंबर लगातार एक्टिव मिले। यहीं से लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में आते चले गए। दोनों मोबाइल की नंबरों की लोकेशन के आधार पर संयुक्त टीम ने कुशीनगर जिला के कसिया कस्बा स्थित स्वास्तिक ढाबे की घेराबंदी कर टोल प्लाजा से मिले फुटेज से मिलान कराकर दो लोगों को दबोच लिया।
बेचे गए फ्रिज और लूटा कंटेनर बरामद
पुलिस ने वहीं के रोशनी इलैक्ट्रानिक को बेचे गए फ्रिज बरामद कर लिये। पूछताछ के बाद लूटा गया कंटेनर हिंदुस्तान पेट्रोल पंप शुकुल पाकड़ थाना सुगौली जिला मोतिहारी बिहार से बरामद किया गया। पुलिस ने फ्रिज व एसी लोड करने वाले विकास पुत्र अनिल बाल्मीकि निवासी गदरौली थाना उहौटी बदायूं, मध्यस्तता कर सामान बिकवाने वाले राजू उर्फ बलराम पुत्र दरोगा सिंह निवासी कुड़वा दिलीपनगर कसिया कुशीनगर, रोशनी इलेक्ट्रानिक्स के मालिक अविनाश सिंह पुत्र रामेश्वर, ढाबा संचालक विवेक मिश्रा पुत्र नागेंद्र को पकड़ा तो पता चला कि घटना का मास्टर माइंड छुट्टन कश्यप पुत्र सुरेश चौधरी निवासी हथियाई थाना पिपराकोठी मोतिहारी बिहार है। जो पुनः लूट के लिए उन्नाव गया है।
पुलिस की गोली से बदमाश घायल
संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया तभी अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के पास गुरुद्वारा रोड पर पुलिस ने उसे घेर लिया। इस पर उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जबावी फायरिंग में वह पुलिस की गोली से घायल हो गया। जिसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया। एसएसपी ने बताया कि खुलासे में शामिल एसओजी, अजगैन कोतवाली व सर्विलांस टीम को एडीजी की ओर से एक लाख का इनाम दिया जाएगा।
