Pilibhit News: शहर में आपस में चिपकी बंच केबिल, बरखेड़ा में खेत में गिरे तार, चार पशुओं की गई जान!
पीलीभीत, अमृत विचार। जिले में बिजली व्यवस्था की बदहाली अब केवल अघोषित कटौती तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि हादसों का कारण भी बनती जा रही है। एक ओर शहर में बंच केबिल आपस में चिपकने से संबंधित इलाके की बत्ती गुल हो गई। वहीं बरखेड़ा क्षेत्र में बिजली लाइन टूटकर खेत में गिरने से चार छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। इसके बावजूद जिम्मेदार लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
पिछले काफी समय से बिजली व्यवस्था बदहाल है। भीषण गर्मी में लोड बढ़ने के नाम पर आए दिन फाल्ट हो रहे हैं।दिन -रात की कटौती ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। बंच केबिल हो या फिर ट्रांसफार्मर आग उगल रहे हैं। शहर के गौड़ी चौराहा के पास बंच केबिल आपस में चिपक गई। इस पर टीम पहुंची और ट्रांसफार्मर के फ्यूज खोकर सुधार कराया जा सका। उधर, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पचपेड़ा खजुरिया में हादसा हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर गन्ने के खेत में चार छुट्टा सांड़ बैठे हुए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर गई। करंट की चपेट में आने से चारों सांड़ों की मौत हो गई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। बिजली व्यवस्था को लेकर पहले ही उपभोक्ता अघोषित कटौती से परेशान हैं। अब जर्जर तारों और बदहाल नेटवर्क के कारण जान-माल का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
