UP News: गंगा एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड पर दो कारों की भिड़ंत, पांच गंभीर घायल
बहजोई, अमृत विचार। रविवार दोपहर फतेहपुर शमसोई के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर अर्टिगा और वैगनआर कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार अर्टिगा दिल्ली से फतेहपुर शमसोई की ओर जा रही थी, जिसमें सात लोग सवार थे। शमसोई स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे की पुलिया के नीचे सर्विस रोड पर सामने से बिसौली की ओर से आ रही वैगनआर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। वैगनआर में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर सड़क किनारे खेत में जा घुसी जबकि दूसरी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ओम सिंह (60) निवासी गांव चाटन, पदम चंद्र (65) निवासी पुराना बाजार बहजोई, इंद्रा देवी (65) निवासी पुराना बाजार बहजोई, शाह आलम (35) निवासी फतेहपुर शमसोई तथा अफजल (48) निवासी फतेहपुर शमसोई गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई भेजा गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
