IPL 2026 Closing Ceremony: फाइनल मुकाबले से पहले अहमदाबाद में सजेगी सुरों की महफिल, कैलाश खेर समेत ये दिग्गज गायक बांधेंगे समां

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः टाटा आईपीएल 2026 (TATA IPL 2026) का खुमार अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। आज यानी 31 मई 2026 को अहमदाबाद के भव्य नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। इस महामुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर है। एक तरफ जहां रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी लगातार दूसरा खिताब जीतकर इतिहास दोहराना चाहेगी, वहीं शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस साल 2022 की अपनी बादशाहत को दोबारा हासिल करने के इरादे से उतरेगी।

इस हाई-वोल्टेज मैच के शुरू होने से पहले मैदान पर सुरों का महासंग्राम देखने को मिलेगा। आईपीएल 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी (Closing Ceremony) में कई दिग्गज भारतीय कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमाएंगे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे।

कैलाश खेर की दमदार आवाज से होगा आगाज

आईपीएल 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी की शुरुआत देश के प्रख्यात सूफी और प्लेबैक सिंगर कैलाश खेर की परफॉर्मेंस से होगी। अपनी अनोखी और कशिश भरी आवाज के लिए मशहूर कैलाश खेर स्टेडियम में मौजूद लाखों दर्शकों और मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ियों में जोश भरेंगे। उनके लाइव कॉन्सर्ट को लेकर फैंस के बीच सोशल मीडिया पर भारी बज बना हुआ है।

गुजराती लोक संगीत का भी तड़का

अहमदाबाद के घरेलू मैदान पर होने वाले इस जश्न में स्थानीय संस्कृति का रंग भी देखने को मिलेगा:

अरविंद वेगड़े: गुजराती लोक संगीत और इंडस्ट्री के जाने-माने नाम अरविंद वेगड़े, जो 'भाई-भाई' और 'भला मोरी रामा' जैसे हिट गानों के लिए लोकप्रिय हैं, अपने अनोखे अंदाज से महफिल लूटने को तैयार हैं।

देवांशी शाह: कई बड़े रियलिटी शोज में अपनी गायकी का लोहा मनवा चुकीं मशहूर गुजराती फोक सिंगर देवांशी शाह भी इस रंगारंग कार्यक्रम में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

मैच और टॉस का समय

क्लोजिंग सेरेमनी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ठीक बाद शाम लगभग 07:00 बजे दोनों कप्तान, रजत पाटीदार और शुभमन गिल, टॉस के लिए मैदान पर कदम रखेंगे। टॉस के बाद यह साफ हो जाएगा कि अहमदाबाद की पिच पर कौन सी टीम पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी का फैसला चुनती है। मैच की पहली गेंद रात 07:30 बजे फेंकी जाएगी।

घर बैठे यहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग

यदि आप स्टेडियम नहीं जा पा रहे हैं, तो टीवी पर इस भव्य क्लोजिंग सेरेमनी और फाइनल मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports) पर देख सकते हैं। वहीं, मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर इसकी मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

संबंधित समाचार