UP News: पीलीभीत-बरेली रेलखंड पर ट्रेन के आगे कूद कर नर्सिंग की छात्रा ने दी जान  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/जहानाबाद। नर्सिंग की छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। बताते हैं कि छात्रा पहले रेलवे लाइन पर लेटी हुई थी। मालगाड़ी के आने पर अचानक वह पटरी से उठकर खड़ी हो गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर जीआरपी,आरपीएफ के अलावा जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर ने भी मौका मुआयना कर जानकारी की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना पीलीभीत-बरेली रेलखंड पर शाही स्टेशन के समीप रविवार सुबह की है। बरेली की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आकर एक युवती की मौत हो गई। युवती की मौत के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी,आरपीएफ और जहानाबाद पुलिस की टीम भी पहुंच गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय दयंती उर्फ सोनी के रूप में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक वह अपनी नानी शुभागो देवी के साथ ग्राम हांडा में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।

इसी साल बरेली के एक निजी कॉलेज से उसकी नर्सिंग की पढ़ाई हुई है। वह प्रतिदिन बरेली ट्रेन से अप डाउन करती थी। रविवार सुबह वह शाही स्टेशन पर गई थी। शाही स्टेशन से इनायतपुर गांव की तरफ पैदल गई। इसके बाद वह रेलवे लाइन पर जाकर लेट गई। थोड़ी देर बाद बरेली की ओर वह मालगाड़ी आई। ट्रेन आते ही वह ट्रेन के सामने खड़ी हो गई और उसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। 

सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मृतका की मां ममता देवी दिल्ली में रहकर मजदूरी करती है। ममता की शादी 25 वर्ष पहले शाही गांव निवासी ओमपाल से हुई थी। हालांकि दोनों पति पत्नी अब अलग रह रहे हैं। मृतका शुरू से ही अपनी नानी के घर रह रही थी। उसके एक भाई दुर्गेश है। इंस्पेक्टर जहानाबाद जयशंकर सिंह ने बताया कि आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार