Bareilly News: मानसून से पहले गड्ढामुक्त नहीं हो पाएंगी सड़कें, बजट संकट से थमी 270 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत
बरेली, अमृत विचार। शासन से मानसून से पहले 15 जून तक सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश हैं। बावजूद लोक निर्माण विभाग की करीब 270 ग्रामीण और मुख्य संपर्क सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। अभियंताओं का कहना है कि बजट मंजूर होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
आपातकालीन सेवाओं में होगी दिक्कत
जिले के नवाबगंज, फरीदपुर और बहेड़ी सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति चिंताजनक है। प्रमुख संपर्क मार्गों की खस्ताहाली से न सिर्फ ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। यही नहीं, पिछले वर्ष मरम्मत के लिए चिह्नित 130 सड़कों का काम भी अब तक अधूरा पड़ा है।
शासन से नहीं मिली वित्तीय हरी झंडी
चालू वित्तीय वर्ष में जनप्रतिनिधियों के भेजे गए नए प्रस्तावों को भी शासन से वित्तीय हरी झंडी नहीं मिल सकी है। एक्सईएन भगत सिंह के अनुसार, शासन को सड़कों की सूची भेजने के साथ ही बजट की मांग की गई है। बजट आवंटित होने के बाद भी सड़कों का कायाकल्प हो सकेगा। वहीं, स्वीकृत हो चुकी जिन सड़कों पर काम शुरू नहीं हैं, ऐसे करीब 80 ठेकेदारों को पिछले दिनों नोटिस जारी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
