मेरठ : कबड्डी प्लेयर की हत्या को मायावती ने बताया दुःखद एंव चिंताजनक, यूपी सरकार से की ये बड़ी मांग
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने मेरठ में एक महिला कबड्डी खिलाड़ी की कथित हत्या को मंगलवार को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताया। मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ की सरधना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिरोड़ी की लगभग 17 वर्षीय बेटी एवं राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की बदमाशों द्वारा की गई हत्या की खबर अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है।''
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने सरकार से इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करके उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृति न हो।
कई दिनों से लापता होने की परिजनों ने कराई थी रिपोर्ट
अधिकारियों ने सोमवार को कहा था कि मेरठ के एक नाले से बरामद 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी के कंकाल के अवशेषों के संबंध में डीएनए परीक्षण किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, परिवार ने इन अवशेषों को अनुष्का उर्फ रिया का मानते हुए उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी (एसएचओ) जितेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया था कि डीएनए परीक्षण के लिए नमूने एकत्र कर लिए गए हैं और उसके माता-पिता के नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। मेरठ पुलिस के मुताबिक, दौराला के चिरौड़ी गांव निवासी नेमपाल ने अपनी बेटी अनुष्का उर्फ रिया (17) के 16 अप्रैल से लापता होने की शिकायत 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी।
प्रैक्टिस के लिए किराये के मकान में रह रही थी प्लेयर
अनुष्का कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा और कबड्डी खिलाड़ी थी। पुलिस ने बताया कि अनुष्का पढ़ाई और खेल अभ्यास के लिए पिछले नौ महीने से शोभापुर बाईपास में किराये के एक मकान में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में फास्टफूड की दुकान पर काम करने वाले एक व्यक्ति ने रुपयों के लेनदेन को लेकर अनुष्का की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया था कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम धानक (42) के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें :
बुलंदशहर : बेकाबू ट्रक ने खड़ी गाड़ियों में मारी टक्कर, घर का एक हिस्सा टुटा; ड्राइवर गिरफ्तार
