वेदांता ग्रुप पर ईडी की छापेमारी, चेयरमैन अनिल अग्रवाल दान कर चुके हैं 21 हजार करोड़ की संपत्ति
वेदांता ग्रुप का कारोबार दुनिया के कई देशों में फैला है। इसी साल फरवरी में वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने अपनी 75 फीसदी संपत्ति दान करने का ऐलान किया था, जो करीब 21 हजार करोड़ के आसपास है।
अमृत विचार : देश के दिग्गज कारोबारी समूह, वेदांता ग्रुप के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्रवाई सामने आ रही है। ईडी ने विदेशी मुद्रा (फेमा) के कथित ''उल्लंघन'' को लेकर अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल के नेतृत्व वाले वेदांता समूह पर छापेमारी की है। ईडी की टीम ने एक साथ वेदांता के दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और उदयपुर स्थित चार परिसरों पर छापेमारी की है।
ईडी के अधिकारियों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि वैश्विक खनन समूह के खिलाफ छापेमारी सोमवार को शुरू की गई थी। दिल्ली, मुंबई और राजस्थान के उदयपुर स्थित परिसरों सहित वेदांता लिमिटेड के चार ठिकानों की तलाशी ली गई है। ये जांच विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के दीवानी मामलों तहत की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक भारतीय कंपनी वेदांता लिमिटेड की लंदन स्थित मूल कंपनी वेदांता रिसोर्सेज द्वारा 2023 में वेदांता लिमिटेड को ब्रांड शुल्क का एक हिस्सा लौटाए जाने का एक मामला संघीय जांच एजेंसी की जांच के दायरे में है।
उन्होंने कहा कि, जांच में वेदांता समूह की दूसरी व्वयस्थाओं की भी स्थिति देखी जा रही है। वेदांता के एक प्रवक्ता ने ईडी की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी ''प्राधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है। उनके द्वारा जो भी जानकारियां मांगी गईं, उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है।
वेदांता समूह के प्रवक्ता ने क्या कहा
'' प्रवक्ता ने कहा, ''कंपनी सभी कानूनों और नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।'' उन्होंने कहा, ''चूंकि मामला फिलहाल नियामकीय प्रक्रिया के तहत है इसलिए हम इस स्तर पर आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
'' वेदांता लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रमुख वैश्विक उत्पादक है। कंपनी का कारोबार दुनिया के कई देशा में फैला है। भारत, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और पूर्वी एशिया में कंपनी काम कर रही है।
छापेमारी के बाद गिरने लगे शेयर
वेदांता ग्रुप के ठिकानों पर ईडी की जांच की खबर आम होते ही कंपनी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को 0.7% की गिरावट के साथ वेदांता लिमिटेड का शेयर 334.6 रुपये पर रहा। वेदांता लिमिटेड भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड एक दिग्गज कंपनी है। इसकी मार्केट कैप करीब 1.30 लाख करोड़ के आसपास है।
75 फीसदी संपत्ति दान
इसी साल फरवरी में वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने अपनी 75 फीसदी संपत्ति दान करने का ऐलान किया था, जो करीब 21 हजार करोड़ के आसपास है। अपने इकलौते बेटे अग्निवेश अग्रवाल की मौत के बाद उन्होंने ये घोषणा की थी।
