UP News: शाहजहांपुर के यात्रियों को मिलेगी राहत, आज से होगा वंदे भारत का ठहराव

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  शाहजहांपुर के रेल यात्रियों के लिए बुधवार का दिन खास होने जा रहा है। लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने के बाद अब वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को राजधानी लखनऊ और उत्तराखंड के प्रमुख शहर देहरादून तक तेज, सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

आज होगा स्वागत कार्यक्रम
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 22545 लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर स्टेशन पर तीन जून से आधिकारिक ठहराव शुरू हो रहा है। इस अवसर पर रेलवे प्रशासन की ओर से बुधवार सुबह स्टेशन पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

जानिए शाहजहांपुर का समय
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 7:34 बजे शाहजहांपुर स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 7:36 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 22546 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का भी शाहजहांपुर स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन रात 8:04 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 8:06 बजे रवाना होगी।

आसपास के लोगों को मिलेगा फायदा
रेल यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत के ठहराव से न केवल शाहजहांपुर बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। अब यात्रियों को इस आधुनिक ट्रेन में सफर करने के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगी।

दो मिनट का ठहराव, बड़ी सुविधा
22545 वंदे भारत एक्सप्रेस : सुबह 7:34 से 7:36 बजे तक ठहराव
22546 वंदे भारत एक्सप्रेस : रात 8:04 से 8:06 बजे तक ठहराव
तीन जून से नियमित रूप से दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू

स्वागत की तैयारी पूरी
रेलवे प्रशासन ने शाहजहांपुर स्टेशन पर विशेष स्वागत कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और रेल अधिकारियों की मौजूदगी में वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत किया जाएगा। इससे जिले के रेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।

संबंधित समाचार