उत्तराखंड में बड़ा हादसा: रुद्रप्रयाग के पास गहरी खाई में गिरी कार, देश के अलग-अलग राज्यों से आए 5 पर्यटक घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

देहरादूनः उत्तराखंड घूमने आए असम, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के पर्यटकों का एक वाहन रविवार को दुर्घटना ग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच पर्यटक घायल हो गए। एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज प्रातः 05:10 बजे डीसीआर रुद्रप्रयाग के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी है। सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उप निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में तत्काल आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंचे। जहां एक वाहन संख्या सड़क से लगभग 50-60 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरा था। वाहन में दो महिलाओं एवं तीन पुरुषों सहित कुल पांच लोग सवार थे। 

आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस एवं स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया। उन्होंने बताया कि विषम भू-भाग एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम गहरी खाई में उतरी तथा अथक प्रयासों से सभी घायलों तक पहुंच बनाई। फिर एक-एक कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। 

उन्होंने बताया कि हादसे में प्रिंस सिंह (30) पुत्र रमाकांत सिंह, निवासी भसेनिया मोहम्मद गंज, थाना मोहम्मद गंज, पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28) पुत्री विनोद सिंह, निवासी सी-21 समरपाली, थाना संभरपाली, पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27) पुत्री राजेंद्र मुखर्जी , निवासी राजगंज, रायगंज, जिला जलपाईगुड़ी, असम, ऋजा मुखर्जी (30) पुत्र उदय गोह, निवासी राजगंज, जिला जलपाईगुड़ी, असम के अलावा वाहन में प्रदीप कुमार (35) पुत्र गंगाराम, निवासी ग्राम लंगड़ा, पोस्ट औरैया, जनपद औरैया, उत्तर प्रदेश (चालक) सवार थे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज