Mathura News : फिल्मी अंदाज में पुलिस ने पांच गोवंश कराए मुक्त, 3 गो तस्कर गिरफ्तार
मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के गो-तस्करों और गौरक्षकों के बीच फिल्मी अंदाज में हाईवे पर पीछा करने का मामला सामने आया। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय गो-तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
मथुरा। मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के गो-तस्करों और गौरक्षकों के बीच फिल्मी अंदाज में हाईवे पर पीछा करने का मामला सामने आया। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय गो-तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से पांच गोवंशों को मुक्त कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए), मथुरा के सदस्य श्रेयस अपने साथियों के साथ बुधवार तड़के करीब चार बजे जैत क्षेत्र के सुनरख कट के पास मौजूद थे। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। गाड़ी की रफ्तार कम होने पर उसमें गोवंश होने की आशंका हुई। जब गौरक्षकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
गौरक्षकों ने अपने निजी वाहनों से पिकअप का पीछा शुरू कर दिया और इसकी सूचना तत्काल जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी। पीछा करने के दौरान छाता क्षेत्र के पास तस्करों ने कथित रूप से गौरक्षकों की गाड़ी को टक्कर मारकर उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, वाहन में लगे सुरक्षा बम्पर के कारण कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ।
गौरक्षकों को देख तस्करों ने लगाई पिकअप से छलांग
बताया गया कि पिकअप वाहन के आगे एक सैंट्रो कार चल रही थी, जो एस्कॉर्ट वाहन के रूप में काम कर रही थी और रास्ते की जानकारी उपलब्ध करा रही थी। कोसी क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचने पर अचानक पिकअप वाहन का टायर फट गया। सामने पुलिस बल और पीछे गौरक्षकों को देखकर पिकअप में सवार दो आरोपी चलती गाड़ी से कूद गए, जिससे वे घायल हो गए।
इसी दौरान सैंट्रो कार चालक ने गौरक्षकों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर पिकअप के पिछले हिस्से से टकरा गई। कार में सवार दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिनमें से चालक गिरकर घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक मुनेन्द्र सिंह और पुलिस बल ने घायलों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बरामद किए पांच गोवंश
पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान उसमें रस्सियों से बंधे पांच गोवंश बरामद किए, जिन्हें मुक्त कर सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान रहीम पुत्र सब्बीर और नियाजू पुत्र सकूर, निवासी बोतलगंज, थाना पिपलिया मंडी, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) तथा तालिम पुत्र सद्दीक, निवासी मडाई, थाना उटावड़, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे गोवंशों को आगरा क्षेत्र से लाकर हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले में ले जा रहे थे। मामले में अनीश नामक एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
साथ ही, इस कथित संगठित गो-तस्करी गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों और जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद गोवंशों की चिकित्सकीय जांच कराकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
