Uttrakhand : कैंट क्षेत्र में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, लोगों ने ली राहत की सांस
लंबे समय से बना हुआ था आतंक का पर्याय, अंधेरा होते ही घरों में दुबकने को मजबूर थे लोग
अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के कैंट क्षेत्र में लंबे समय से आतंक का पर्याय बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों और वन विभाग ने राहत की सांस ली है
जानकारी के अनुसार कैंट क्षेत्र समेत आसपास के कई इलाकों में पिछले काफी समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई थी। आए दिन रिहायशी क्षेत्रों में उसकी चहलकदमी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो रही थी, जिससे लोगों में दहशत का माहौल था। स्थिति यह थी कि अंधेरा होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते थे। गुलदार ने क्षेत्र में कई पालतू कुत्तों को भी अपना शिकार बनाया था। लगातार बढ़ रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने कैंट क्षेत्र के ईदगाह के समीप पिंजरा लगाया था। बुधवार तड़के गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार का रेस्क्यू कर उसे एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्य ने बताया कि क्षेत्रवासियों की शिकायतों के आधार पर कैंट क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था। बुधवार सुबह गुलदार पिंजरे में कैद मिला, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।
