अब स्मार्ट होगी सरकारी स्कूलों की पढ़ाई, हर ब्लॉक में मास्टर ट्रेनर तैयार करेगी योगी सरकार, जानिए क्या है पूरा प्लान

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार परिषदीय विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास, ICT लैब और डिजिटल शिक्षण संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे, जो शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने इस संबंध में सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

हर विकासखंड में तैयार होंगे मास्टर ट्रेनर

निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विकासखंड से एक शिक्षक को संदर्भदाता (मास्टर ट्रेनर) के रूप में नामित किया गया है। इनका राज्य स्तरीय प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया। पहला चरण 27 से 29 जुलाई और दूसरा चरण 4 से 6 अगस्त तक संपन्न हुआ। अब यही प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने ब्लॉक में अन्य शिक्षकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक प्रशिक्षण बैच में अधिकतम 50 शिक्षक शामिल होंगे।

स्मार्ट क्लास और ICT लैब के उपयोग पर फोकस

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, ICT लैब, इंटरैक्टिव डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर, ई-कंटेंट और अन्य डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही तकनीक आधारित शिक्षण, डिजिटल प्रेजेंटेशन और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने की आधुनिक विधियों से भी परिचित कराया जाएगा। शिक्षकों को NBDIUP पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल बोर्ड मैनुअल, इंस्टॉलेशन वीडियो और संचालन संबंधी ट्यूटोरियल का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

30 अगस्त तक पूरा होगा प्रशिक्षण

राज्य परियोजना कार्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि 30 अगस्त 2026 तक ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर लिया जाए। प्रशिक्षण की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी और प्रत्येक प्रतिभागी का प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट लेकर उसकी गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा।

तकनीकी समस्याओं के लिए एस्केलेशन मैट्रिक्स

सरकार ने स्मार्ट क्लास और ICT लैब से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला, राज्य और सेवा प्रदाताओं के स्तर पर एस्केलेशन मैट्रिक्स भी तैयार किया है, ताकि डिजिटल शिक्षण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

'हर शिक्षक को डिजिटल शिक्षण में दक्ष बनाना लक्ष्य'

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक को डिजिटल शिक्षण में दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक तकनीक का प्रभावी उपयोग करेंगे, तभी विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण, रोचक और सहभागितापूर्ण शिक्षा पहुंच सकेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) के अनुरूप डिजिटल और अनुभवात्मक शिक्षण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

संबंधित समाचार