Mathura News: सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मथुरा में बढ़ी चौकसी, 12 संतों को रेड कार्ड नोटिस; ईदगाह पर जलाभिषेक का ऐलान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

9 अगस्त को कारसेवा और जलाभिषेक के ऐलान से पुलिस-प्रशासन अलर्ट, शाही मस्जिद ईदगाह के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई; फ्लैग मार्च के बीच संगठन ने सावन के बाद नई तारीख तय करने की बात कही

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही मस्जिद ईदगाह से जुड़े विवाद के बीच 9 अगस्त को कारसेवा के आह्वान वाले सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने के बाद मथुरा में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से रोकने के लिए पुलिस ने कथावाचक ठाकुर देवकीनंदन, साध्वी ऋतंभरा और स्वामी सच्चिदानंद महाराज समेत कुल 12 प्रमुख संतों और धर्माचार्यों को रेड कार्ड नोटिस जारी किया है।

पुलिस ने नोटिस के जरिए स्पष्ट किया है कि यदि किसी गतिविधि से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया गया।

सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने के बाद बढ़ी हलचल

राधाकुंड के जुलैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त महाराज का एक सोशल मीडिया पोस्ट 9 अगस्त को कारसेवा के आह्वान को लेकर वायरल हुआ। पोस्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया गया था।

पोस्ट के तेजी से प्रसारित होने और अन्य संतों के नाम सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद पुलिस विभाग ने निरोधात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी।

रेड कार्ड नोटिस में क्या कहा गया?

पुलिस की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्तजी महाराज की ओर से सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं की आड़ में समाज को उत्तेजित करने वाला पोस्टर और ट्वीट वायरल किया गया है।

नोटिस में श्रीकृष्ण जन्मस्थान और उसके आसपास किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने कहा कि निर्देशों की अनदेखी कर ऐसी गतिविधि किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक के ऐलान से अलर्ट

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए शंखनाद से पहले शनिवार को शाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक करने के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन की चौकसी और बढ़ गई थी। राष्ट्रीय हनुमान दल की ओर से पत्र मिलने के बाद एहतियात के तौर पर दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया।

पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों की ओर से संगठन के पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यक्रम से दूर रहने के लिए समझाने का प्रयास भी किया गया।

पुलिस की निगरानी में रहा ईदगाह परिसर

शनिवार को दिनभर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की नजरें शाही मस्जिद ईदगाह परिसर पर बनी रहीं। परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों से पूछताछ की गई। जिन लोगों के पास पहचान पत्र या प्रवेश का उचित कारण नहीं था, उन्हें गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

राष्ट्रीय हनुमान दल ने कार्यक्रम किया स्थगित

बाद में राष्ट्रीय हनुमान दल के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री तरुण कुमार गुप्ता ने आधिकारिक पत्र जारी कर शाही मस्जिद ईदगाह पर प्रस्तावित जलाभिषेक कारसेवा कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा कर दी।

पत्र में कहा गया कि भारी भीड़ और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया गया है। संगठन के अनुसार, अब साधु-संतों से परामर्श के बाद सावन माह के समाप्त होने के बाद कार्यक्रम की अगली तारीख तय की जाएगी।

पत्थर तराशने के ऐलान से भी प्रशासन सतर्क

इससे पहले चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 9 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए शंखनाद करने और पत्थर तराशने का काम शुरू करने का ऐलान किया था।

इसके लिए राजस्थान के भरतपुर के बंशी पहाड़पुर से गुलाबी पत्थरों की पहली खेप भी चित्रगुप्त पीठ मंगाई गई थी। इस घोषणा के बाद से ही पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई थी।

फिलहाल जलाभिषेक कारसेवा स्थगित होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था जारी रखी जा रही है।

यह भी पढ़ेंः UP News: सीएम योगी ने लखनऊ से शुरू की तिरंगा यात्रा, बोले- ‘ऊर्जा का प्रतीक है हमारा युवा’

संबंधित समाचार