सीतापुर में परिवार सोता रहा, पीछे से सेंध लगाकर 5 लाख का माल समेट ले गए चोर
सदरपुर के मैनिकापुर में घर के पीछे से दाखिल हुए चार शातिर; सोने-चांदी के जेवर, नकदी और 30 किलो मेंथा ऑयल चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
सीतापुर: सदरपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया मजरा मैनिकापुर गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मेंथा ऑयल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान गृहस्वामी और उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। सुबह आंख खुलने पर कमरों में सामान बिखरा मिला तो चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित वर्मा पुत्र विशुन कुमार वर्मा के मुताबिक, चोर मकान के पिछले हिस्से से सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखे बक्सों और अलमारी के ताले तोड़ दिए और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए चोर
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने पहले घर के पीछे की तरफ सेंध लगाई और सीढ़ी के सहारे मकान के भीतर प्रवेश किया। इसके बाद कमरों में रखे बक्सों और अलमारी को खंगाला गया।
चोर सोने-चांदी के जेवरात, करीब दो हजार रुपये नकद और लगभग 30 किलो मेंथा ऑयल अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
सुबह बिखरा मिला सामान, तब खुला चोरी का राज
परिवार के लोग रात में घर के अंदर सो रहे थे। सुबह जब उनकी आंख खुली तो कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई।
इसके बाद मकान के पीछे लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें चार अज्ञात लोगों के कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
तहरीर के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की ओर से सदरपुर थाने में तहरीर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस पिकेट की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
यह भी पढ़ेंः सीतापुर में वन विभाग को फिर चकमा दे गई बाघिन, पड़वे का किया शिकार; 40 दिन से जारी तलाश
