Barabanki Accident News: चलती कार में अचानक लगी आग, अंदर फंसे 50 वर्षीय व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत
बाराबंकी के बघौरा गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के बाद धधकी वैगनआर; दरवाजा लॉक होने से नहीं निकल सके राजनारायण वर्मा
बाराबंकी/सफदरगंज: बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बघौरा गांव के पास नहर पर चलती वैगनआर कार में अचानक आग लग गई, जिसमें फंसकर 50 वर्षीय राजनारायण वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक राजनारायण की जान जा चुकी थी।
गांव लौटते समय कार में उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, राजनारायण वर्मा बाराबंकी से अपने गांव बरियापुर लौट रहे थे। वह बघौरा गांव के पास नहर पर पहुंचे ही थे कि कार के निचले हिस्से की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के बाद धुआं उठने लगा।
कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। अचानक लगी आग से राजनारायण को संभलने का मौका नहीं मिल सका।
.png)
दरवाजा लॉक होने से नहीं निकल सके बाहर
परिजनों के मुताबिक, आग लगने के दौरान कार का दरवाजा लॉक हो गया था। इसके चलते राजनारायण कार से बाहर नहीं निकल सके और आग में झुलसकर उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक बचाव दल पहुंचा, तब तक राजनारायण की मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
