शाहजहांपुर: झोपड़ी में आग लगने से 10 साल की बच्ची जिंदा जली
शाहजहांपुर/जलालाबाद, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात छप्परदार घर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। घर में पिता के साथ उसकी दो बेटियां सो रही थीं। आग लगने के बाद मची अफरा तफरी में एक बच्ची की आग से जलकर मौत हो गई। आग ने इतना विकराल रूप …
शाहजहांपुर/जलालाबाद, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात छप्परदार घर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। घर में पिता के साथ उसकी दो बेटियां सो रही थीं। आग लगने के बाद मची अफरा तफरी में एक बच्ची की आग से जलकर मौत हो गई। आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ व नायब तहसीलदार ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव गुनारा निवासी शमीम जलालाबाद में मुख्य चौराहे पर नाई का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी खुशनाज व चार बच्चों के और पिता इकरार व भाई अनजान, नदीम, नादिर, कल्लू के साथ एक रिश्तेदार की जमीन पर छप्परदार घर में रहता है। करीब 10 दिन पूर्व उसकी पत्नी फर्रूखाबाद जनपद में दो बच्चों के साथ मायके गई थी।
मंगलवार की रात घर पर शमीम दो बेटियों शाइना (12) व राइना (10) के साथ सो रहा था। रात करीब 11 बजे झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देख शमीम और बड़ी बेटी शाहना व घर के अन्य सदस्य बाहर निकल कर भागे। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। अफरा-तफरी में किसी को भी रहाना का ध्यान नहीं रहा। झोपड़ी के अंदर सामान के साथ ही रहाना की आग से जलकर मौत हो गई। थोड़ी देर बाद जब शमीम ने बेटी को ढूंढा तो उसका पता नहीं चला। जले मलबे में उसका शव मिला तो परिजनों में कोहराम मच गया।
अग्निकांड की सूचना मिलते ही सीओ, नायब तहसीलदार व कोतवाल पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन व प्रधान मोहर्रम अली ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने की बात कही। आग लगने से बच्ची की मौत हो गई साथ ही गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। जिससे पीड़ित के सामने खाने पीने का संकट खड़ा हो गया है।
