मुरादाबाद: प्यार में धोखा मिलने पर प्रेमी के घर पहुंची युवती, किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी का झांसा देकर पहले दुष्कर्म फिर जेल जाने के डर से शादी करके धोखा देना युवक को भारी पड़ गया। कई माह इंतजार करने के बाद भी जब युवक ने युवती से संपर्क नहीं किया तो शुक्रवार को वह तलाशते हुए उसके घर आ धमकी। इस दौरान उसने जमकर हंगामा किया। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी का झांसा देकर पहले दुष्कर्म फिर जेल जाने के डर से शादी करके धोखा देना युवक को भारी पड़ गया। कई माह इंतजार करने के बाद भी जब युवक ने युवती से संपर्क नहीं किया तो शुक्रवार को वह तलाशते हुए उसके घर आ धमकी। इस दौरान उसने जमकर हंगामा किया। युवक व उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को सिविल लाइंस कोतवाली ले आई। जहां आरोपी के परिजनों ने कुछ दिनों का समय मांगकर मामले को शांत कराया।

यह हाईवोल्टेज ड्रामा शुक्रवार को सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में लोकोशेड के पास कालोनी में हुआ। दरअसल बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली युवती बरेली में एएनएम का कोर्स कर रही थी। युवती के अनुसार उसी कालेज में मुरादाबाद सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के लोकोशेड पुल के पास रहने वाला युवक भी पढ़ाई कर रहा था। करीब तीन साल पहले उसने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।

बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। इसके बाद वर्ष 2019 से वह युवती के साथ ही रह रहा था, हालांकि शादी करने से मुकर रहा था। कई माह इंतजार करने के बाद भी जब शादी नहीं की तो युवती ने दबाव डाला, जिस पर युवक ने उसे अनुसूचित जाति का होने का हवाला देकर शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर खफा युवती ने आरोपी के खिलाफ बरेली के बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।

बताते हैं कि जेल जाने के डर से 18 जून 2020 को उसने उसके साथ कोर्ट मैरिज कर ली और सेटेलाइट बस अड्डे के पास किराए के मकान में रहने लगा। इसके बाद आरोपी युवक की संविदा पर बदायूं के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लग गई। उसके बाद वह दीवाली पर घर जाने की बात कहकर उसे छोड़कर चला आया और वापस नहीं लौटा। युवती ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन, युवक ने रिस्पांस नहीं दिया। बाद में युवती को कहीं से पता चला कि आरोपी के परिजन उसकी शादी कहीं और कराना चाहते हैं।

इस पर शुक्रवार को वह परिजनों के साथ उसे तलाशते हुए उसके घर तक पहुंच गई। यहां पर युवती ने जमकर हंगामा किया। धोखा देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल यादव ने बताया कि यदि दोनों में समझौता नहीं होता है तो युवती की तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

संबंधित समाचार