काशीपुर: मंदिर की भूमि पर बैरिकेडिंग और साफ-सफाई को लेकर दो पक्षों में विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मोहल्ला कानूनगोयान में स्थित काली मंदिर की भूमि पर बैरिकेडिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने मंदिर की गुपचुप तरीके से कमेटी बनाकर भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। वहीं कमेटी के लोगों का कहना है कि मंदिर निजी संपत्ति न …

काशीपुर, अमृत विचार। मोहल्ला कानूनगोयान में स्थित काली मंदिर की भूमि पर बैरिकेडिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने मंदिर की गुपचुप तरीके से कमेटी बनाकर भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। वहीं कमेटी के लोगों का कहना है कि मंदिर निजी संपत्ति न होकर सार्वजनिक है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कटोराताल चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

मौहल्ला कानूनगोयान में काली मंदिर पर शुक्रवार सुबह पंडा परिवार के सदस्य कुछ मजदूर लेकर पहुंचे और बैरिकेडिंग के साथ मंदिर की साफ-सफाई शुरू कराने लगे। मोहल्ले के लोगों ने जब मंदिर की भूमि पर काम करते देखा तो वह इकट्ठा होकर वहां पहुंच गए और मंदिर पर गुपचुप तरीके से बिना किसी को बताए काम कराने पर आपत्ति जताने लगे। इस बीच पंडा विकास अग्निहोत्री भी कुछ लोगों के साथ आ गए और उन्होंने मंदिर समिति की ओर से यह काम कराने की बात कही। मंदिर समिति की बात सुनकर लोग भड़क गए और आरोप लगाते हुए बोले कि समिति के नाम पर मंदिर की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है।

विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई जिस पर कटोराताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पंडा विकास अग्निहोत्री का कहना है कि मंदिर के चारों ओर बैरिकेडिंग न होने से यहाँ नशेड़ी व असामाजिक तत्वों का जमावाड़ा लगा रहता है। जिस वजह से मंदिर की बैरिकेडिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मंदिर की देखभाल के लिए एक समिति लंबे समय से काम कर रही है। पंडा विकास अग्निहोत्री की इस बात का वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध किया।

उनका कहना है कि मंदिर की समिति गुपचुप ढंग से बनाई गई है। मोहल्ले के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। आरोप लगाया कि मंदिर की भूमि पर कुछ विशेष लोग कब्जा करना चाहते हैं। इस मौके पर पंडा विकास अग्निहोत्री, सोनू अदलक्खा, अर्जुन कुमार, वंदना अग्निहोत्री, पूर्व पार्षद विपिन शर्मा पप्पी, पंकज कुमार, लवलीत, शिवा दूसरे पक्ष के अश्वनी कुमार सैनी राम आसरे, विजय आदि मौजूद रहे।