हल्द्वानी: स्मैक तस्करों को पकड़ने गई थी मगर 20 संदिग्धों को पकड़ लाई पुलिस, यहां का है मामला…
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजपुरा में स्मैक सौदागरों की तलाश में पुलिस फोर्स ने शनिवार सुबह कई घरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान स्मैक बेचने के संदेह पर आठ महिलाओं समेत 20 लोगों को पकड़ लिया गया। आठ घंटे काउंसलिंग के बाद सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया। पकड़े गए संदिग्धों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजपुरा में स्मैक सौदागरों की तलाश में पुलिस फोर्स ने शनिवार सुबह कई घरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान स्मैक बेचने के संदेह पर आठ महिलाओं समेत 20 लोगों को पकड़ लिया गया। आठ घंटे काउंसलिंग के बाद सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया। पकड़े गए संदिग्धों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
मादक पदार्थो के अवैध धंधे के खिलाफ क्षेत्रवासियों के आंदोलन के बीच सीओ सिटी प्रमोद शाह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्मैक खरीद-फरोख्त में चिन्हित किए गए लोगों के घर पर छापा मारा। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर 20 संदिग्धों को पकड़ लिया। इसके बाद संदिग्धों को कोतवाली लाया गया। सीओ सिटी और चौकी प्रभारी प्रकाश पोखरियाल ने सभागार में इनको समझाया-बुझाया।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए लोगों में से सात स्मैक समेत पकड़े भी जा चुके हैं। सभी 20 लोगों पर स्मैक की खरीद-फरोख्त का शक है। इनमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। इस आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई। काउंसलिंग के दौरान इन्हें समझाने-बुझाने के साथ ही कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। संदिग्धों ने अवैध धंधे से दूर रहने का वादा किया। इसके बाद इन्हें परिजनों और परिचितों के हवाले कर दिया।
दो संदिग्धों की हालत बिगड़ी
कोतवाली सभागार में संदिग्धों की काउंलिंग चल ही रही थी कि दो की हालत बिगड़ गई। दोनों संदिग्ध अचेत होकर नीचे गिर पड़े। संदिग्धों की हालत बिगड़ने से पुलिस कर्मियों के हाथपांव फूल गए। पुलिस इन्हें अस्पताल ले जा रही थी कि दोनों होश में आ गए। घर जाने की इच्छा जताने पर इन्हें परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस का मानना था कि ड्रग के एडिक्शन के चलते इनकी हालत बिगड़ी।
सप्लायरों को चिन्हित कर रही पुलिस
हल्द्वानी। सीओ सिटी का कहना है कि राजपुरा में स्मैक की खरीद-फरोख्त में लिप्त लोग छोटे स्तर पर काम (पेडलिंग) कर रहे हैं। इन्हें बाहरी क्षेत्रों से स्मैक की सप्लाई होती है। बताया कि नशे के खिलाफ जारी अभियान के दौरान मिले इनपुट के आधार पर सर्किल में स्मैक सप्लाई करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके बाद स्मैक के अवैध कारोबार की बड़ी मछलियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई की सराहना की
राजपुरा में नशा की रोकथाम के लिए बनाई गए संघर्ष समिति ने पुलिस के इस कदम की सराहना की। समिति के हेमंत साहू और दिनेश रंधावा ने कहा कि स्थानीय समुदाय में जागरूकता के साथ ही पुलिस की सख्ती बेहद जरूरी है। मादक पदार्थो के धंधे में लिप्त लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो तो इनके हौंसले पस्त होंगे। तमाम क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई को देर आए, दुरुस्त आए करार दिया। कहा कि पुलिस पहले ही सख्ती बरतती तो क्षेत्र नशे के मकड़जाल में नहीं फंसता।
