दफ्तर से घर नहीं जाएगा कोरोना, इन बातों का रखें ध्यान
कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है लेकिन अभी सम्पूर्ण लॉकडाउन नहीं होने के कारण ज्यादातर ऑफिस खुले हुए हैं। ऐसे में घर से बाहर निकलकर ऑफिस जाना अपनी और अपनों की जान को खतरे में डालने से कम नहीं है। अब कोरोना काल में ऑफिस जाने को लेकर आपको बहुत …
कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है लेकिन अभी सम्पूर्ण लॉकडाउन नहीं होने के कारण ज्यादातर ऑफिस खुले हुए हैं। ऐसे में घर से बाहर निकलकर ऑफिस जाना अपनी और अपनों की जान को खतरे में डालने से कम नहीं है। अब कोरोना काल में ऑफिस जाने को लेकर आपको बहुत ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। अगर छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएं तो ऑफिस में होने वाले संक्रमण से बचा जा सकता है।

घर से निकलते समय ध्यान रखें
घर से निकलते समय कम से कम दो मास्क, हैंड सैनिटाइजर, हैंड वॉश जरुर रख लें। एक मास्क लगाकर निकले और दूसरा मास्क ऑफिस में तीन से चार घंटे बाद लगा सकते हैं। पहले मास्क को सावधानी से उतार कर किसी पॉलीथीन में लें और वन टाइम यूज वाला मास्क हो तो उसे ढक्कन वाले डस्टबीन में पॉलीथीन में बांध कर फेंके। इसके अलावा अपना पौष्टिक लंच, पानी, जूस जैसी खानपान की वस्तुएं साथ लेकर जाएं। खाने पीने का सामान बाजार से लेकर खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। अपने साथ अपनी जरूरत की चीजों जैसे पैन, ईयरफोन, चार्जर, पॉवर बैंक और लैपटॉप का चार्जर आदि जरूर रखें। इससे आपको किसी और से इन चीजों को लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रास्ते में कहीं भी अपना फेस मास्क न उतारें और चेहरे से अपने हाथों को दूर रखें। यदि जरूरत न हो तो रास्ते में कुछ भी खरीदने के लिए रुकने की जरूरत नहीं है। किसी को भी लिफ्ट न दें। जरूरी न हो तो ऑफिस पहुंचने से पहले पानी पीने और कुछ भी खाने से बचें। रास्ते में कोई परिचित भी मिलता है तो उससे दो गज की दूरी बनाकर रखें।

ऑफिस में काम करते समय रखें ध्यान
ऑफिस में पहुंचते ही अपनी उपस्थिती दर्ज करानी होती है। कुछ कार्यालयों में फिर से थर्मल स्कैनिंग और कुछ में हस्ताक्षर करने की ही परम्परा का पालन किया जा रहा है। तो थर्मल स्कैनिंग या दूसरे के पैन से साइन करने के तुरंत बाद अपने हाथों को सैनिटाइज करें। ऑफिस पहुंचकर अपना मास्क न उतारें और न ही मास्क को हाथ लगाएं। लैपटॉप और मोबाइल रखने से पहले डेस्क को खुद ही सैनिटाइज कर लें।

संक्रमित व्यक्ति अगर आपकी डेस्क को टच करता है तो आपकी डेस्क कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाएगी। इसलिए किसी क्लीनिंग जेल को डेस्क पर छिड़क लें और एक टिश्यू पेपर लेकर डेस्क को अच्छी तरह साफ कर लें। सहकर्मियों से हाथ न मिलाएं। सहकर्मियों से 6 फीट की दूरी बनाकर रखें। संभव हो तो लिफ्ट का इस्तेमाल न करें और अगर करें भी तो लिफ्ट के बटन को हाथ न लगाएं।

अगर लिफ्ट में तीन से ज्यादा लोग हैं तो उसमें न चढ़ें। ऑफिस के गिलास और बर्तनों का इस्तेमाल न करें। कोरोना वायरस का लक्षण सर्दी-जुकाम से मिलता जुलता ही है। ऑफिस में कई लोगों को नॉर्मल सर्दी-जुकाम भी हो सकता है जबकि कुछ लोगों के लिए यह संदेह की स्थिति होगी। आपको ऑफिस में सर्दी-जुकाम से पीड़ित ऐसे लोगों से उचित दूरी बनाए रखने की जरूरत है। इस बात का ध्यान दें कि बहुत जरूरत पड़ने पर भी अगर आप ऐसे लोगों के पास जाएं तो एक डिस्टेंस जरूर मेंटेन करके रखें।

घर पंहुचकर भी रहें सजग
घर पहुंचते ही अपना गेट या ताला न छुएं अगर खुद ही घर का ताला खोल रहे हो तो, ताला खोलने के बाद तुरंत उस स्थान को सैनेटाइज कर दें क्योकि मैटल पर कोरोना वायरस काफी देर तक रहता है। अपने सारे कपड़े वॉशिंग मशीन में डाल दें। नहाने से पहले किसी को भी छुएं या बात न करें। बालों में भी वायरस चिपक सतका है तो ऑफिस जाते समय ही बालों को ढक लें और ऐसा नहीं कर सकते हैं तो घर आकर बालों को धोया भी जा सकता है लेकिन महिलाओं को बड़े बालों को धोने और सुखाने में कठिनाई होती है। घर आने के बाद आप गरारे और भाप भी ले सकते हैं। अगले दिन नया फेस मास्क इस्तेमाल करें। अपने लंच बैग, मोबाइल फोन और लैपटॉप आदि को घर आने के बाद सैनिटाइज जरूर करें और जब तक यह सारे काम न हो जाएं तो अपने बच्चों से दूर रहें और अपनों सामानों से भी उनको दूर रखें।

