योगी ने किया फोन, सांसद बोले-बरेली में ऑक्सीजन की कमी
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप को फोन कर कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन, बेड की उपलब्धता की स्थिति जानी। इस दौरान सांसद ने योगी को बताया कि बरेली के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की बहुत कमी है। कोविड मरीजों को रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिल रहे हैं। कोविड अस्पताल …
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप को फोन कर कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन, बेड की उपलब्धता की स्थिति जानी। इस दौरान सांसद ने योगी को बताया कि बरेली के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की बहुत कमी है। कोविड मरीजों को रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिल रहे हैं।
कोविड अस्पताल प्रबंधन ऑक्सीजन की कमी होने पर मरीज के तीमारदारों से अपने मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने को कह देते हैं। ऐसी स्थिति में मरीज को तीमारदार कहां लेकर जाएं। यह समस्या आम हो गई है। इससे मरीज की जान को खतरा भी बढ़ जाता है। ऑक्सीजन को लेकर जिले में हाहाकार मचा है। इसके अभाव में मरीजों की जान भी जा रही है।
सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने सीएम को अवगत कराया कि होम आइसोलेशन वाले कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की बेहद जरूरत है लेकिन मरीज के तीमारदारों को खाली सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। जिसे वह भरवाकर अपने मरीज को ऑक्सीजन देकर स्वस्थ कर सकें। सीएम ने सांसद की संक्रमित पत्नी सरोज और बेटी कीर्ति कश्यप का भी हालचाल पूछा।
सांसद धर्मेन्द्र कश्यप के हवाले से मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने बताया कि सांसद के ऑक्सीजन का मामला उठाने पर मुख्यमंत्री ने बरेली को ऑक्सीजन की दिक्कत नहीं होने का आश्वासन दिया। डीएम को निर्देश दिए गए हैं कि होम आइसोलेशन वाले मरीज के तीमारदारों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री ने सांसद को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के साथ प्रतिदिन फोन पर बातचीत करके संक्रमितों की हर संभव मदद कराने का प्रयास करें। ऑक्सीजन, इंजेक्शन और राशन जनता को समय से मिले, यह हमारी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। वहीं, मुख्ययमंत्री ने मीरगंज विधायक डीसी वर्मा को भी फोन कर कोविड के हालातों की जानकारी ली।
