सरयू नदी हादसा: सभी शव बरामद, रेस्क्यू खत्म, कोसों दूर मिला महिला का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। सरयू की धारा में लापता हुए सभी लोगों को 48 घंटे से ज्यादा चले राहत और बचाव अभियान में एसडीआरएफ के साथ एनडीआरएफ की टीम ने तलाश लिया है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें वापस रवाना हो गई है। वही बरामद शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक …

अयोध्या। सरयू की धारा में लापता हुए सभी लोगों को 48 घंटे से ज्यादा चले राहत और बचाव अभियान में एसडीआरएफ के साथ एनडीआरएफ की टीम ने तलाश लिया है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें वापस रवाना हो गई है। वही बरामद शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक निवास आगरा भिजवाया गया है। पहले बरामद सात शवों को पुलिस और प्रशासन की मदद से पहले ही आगरा भिजवाया जा चुका है। शुक्रवार को प्रदेश के आगरा जनपद के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र से अयोध्या आया एक परिवार स्नान के दौरान कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट स्थित कच्चे घाट पर हादसे का शिकार हो गया था।

परिवार के 15 लोग सरयू की तेज धारा में डूबने लगे थे। माजरा देख घाट के आसपास मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल 3 लोगों को सकुशल बचा लिया था और बाद में 3 लोगों को जीवित निकाला गया था। पुलिस प्रशासन के मौके पर पहुंचने के बाद पीएसी के बाढ़ राहत दल और स्थानीय गोताखोरों को बचाव और राहत अभियान में लगाया गया था। मौके की नजाकत को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से शासन से संवाद स्थापित कर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई थी। संयुक्त टीमों की ओर से कड़ी मशक्कत कर सरयू की धारा से शुक्रवार को कुल 6 बॉडी रिकवर की गई थी।

जबकि शनिवार को पूर्वान्ह एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम ने लापता महिला समेत तीन के मामले में 11ः55 बजे गुप्तार घाट से थोड़ी दूर स्थित बाटी चोखा वाले बाबा के स्थान के सामने सरयू नदी से एक किशोरी 16 वर्षीय प्रियांशी पुत्री सतीश का शव बरामद किया था। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम आधुनिक संसाधन और हाईटेक उपकरणों के साथ सरयू की धारा में चप्पे-चप्पे पर सर्च अभियान में जुटी थी।

इसी बीच शुक्रवार को दूसरी पहर सरयू की तेज धारा में स्नान के दौरान गुप्तार घाट के कच्चे घाट पर डूबी 39 वर्षीय गीता उर्फ जूली पत्नी अशोक का शव जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गुप्तार घाट से कोसों दूर रविवार की भोर पड़ोसी जनपद अंबेडकर नगर के टांडा इलाके में सरयू नदी से बरामद हुआ। वही घटनास्थल के पास से ही एनडीआरएफ की टीम ने हादसे में लापता 16 वर्षीय सार्थक पुत्र देवेंद्र कुमार का शव बरामद किया है। बरामद शव का जिला प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम कराया गया है।

एनडीआरएफ के डिप्टी एसपी नीरज कुमार का कहना है कि शासन के निर्देश पर सूचना मिलने के बाद हुआ शुक्रवार को अपनी तथा बलरामपुर इकाई की टीम के साथ गुप्तार घाट पहुंचे और बचाव तथा राहत अभियान शुरू कराया। 48 घंटे से ज्यादा समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में नदी में डूबे बच्चों समेत कुल 9 की बाड़ी रिकवर की गई है। सर्च अभियान पूरा होने के बाद अभियान को रोक दिया गया है और टीमें अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो गई हैं। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार कुछ लोग नदी के बहाव के चलते दूर निकल गए जबकि बच्चे और किशोर नदी की गहराई में बालू से दबने के चलते आसपास ही पड़े रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज