बरेली: 15 अगस्त से पहले समाप्त होंगी परास्नातक की परीक्षाएं
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 15 अगस्त से पहले समाप्त हो जाएंगी। बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथियों में बदलाव के चलते तीन दिन की परीक्षाओं में बदलाव किया गया था। इसकी वजह से 29, 30 व 31 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं अब 12, 13 …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 15 अगस्त से पहले समाप्त हो जाएंगी। बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथियों में बदलाव के चलते तीन दिन की परीक्षाओं में बदलाव किया गया था। इसकी वजह से 29, 30 व 31 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं अब 12, 13 व 14 अगस्त को होंगी। हालांकि स्नातक की परीक्षाएं अभी जारी रहेंगी। वहीं 16 अगस्त से महाविद्यालयों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा।
शासन के दिशा-निर्देशों के तहत विश्वविद्यालय ने 15 जुलाई से स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। परीक्षा कार्यक्रम जारी करने से पहले बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथियों को ध्यान में रखते हुए इन दिनों कोई परीक्षा नहीं रखी गई थी। इस वजह से 17, 18 व 19 जुलाई को कोई परीक्षा नहीं रखी गई। परास्नातक की परीक्षाएं 4 अगस्त और स्नातक की परीक्षाएं 11 अगस्त को समाप्त होनी थीं।
लेकिन बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव के चलते परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके चलते 29, 30 व 31 जुलाई को होने वाली परीक्षा 12, 13 व 14 अगस्त को निर्धारित की गई। लेकिन एक बार फिर से बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि बढ़ा दी गई। इसके चलते 5 व 6 अगस्त को होने वाली स्नातक की परीक्षाएं 16 व 23 अगस्त को निर्धारित कर दी गईं। बार-बार तिथियों में बदलाव के बावजूद भी परास्नातक की परीक्षाएं तो 14 अगस्त को समाप्त हो जाएंगी। लेकिन स्नातक की परीक्षाएं 23 अगस्त तक चलेंगी।
परीक्षा में 19850 छात्र हुए शामिल
मंगलवार को मुख्य परीक्षा की तीनों पालियों में कुल 19850 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिसमें 12577 छात्र और 7273 छात्राएं रहीं। कुल 765 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी, जिसमें 506 छात्र व 259 छात्राएं शामिल रहीं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को कोई भी छात्र नकल के साथ नहीं पकड़ा गया। सोमवार को भी कोई नकलची नहीं पकड़ा गया था।
बरेली: नहीं लौटा गुटखा कारोबारी, गोदाम चेक करने की टली कार्रवाई
