बरेली: बुढ़ापे का सहारा बनी पेंशन ने बढ़ा दी टेंशन
बरेली, अमृत विचार। बुढ़ापे का सहारा बनी पेंशन ने जिले के 70 हजार से अधिक बुजुर्गों की टेंशन बढ़ा दी है। मार्च महीने के बाद से अब तक उनको वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल सका है। विभागीय अफसरों का कहना है जिले में वृद्धावस्था पेंशन मद का आवंटन इस महीने भी नहीं आया। ऐसे …
बरेली, अमृत विचार। बुढ़ापे का सहारा बनी पेंशन ने जिले के 70 हजार से अधिक बुजुर्गों की टेंशन बढ़ा दी है। मार्च महीने के बाद से अब तक उनको वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल सका है। विभागीय अफसरों का कहना है जिले में वृद्धावस्था पेंशन मद का आवंटन इस महीने भी नहीं आया। ऐसे में यह लगातार पांचवा महीना है। पेंशन मद की राशि का आवंटन नहीं आने से पेंशन धारक परेशान हैं।
अफसर भी उनकी समस्या का निदान चाहकर भी नहीं करा सकते। बड़ी संख्या में बुजुर्ग पेंशन की आस में विकास भवन से लेकर ब्लाक मुख्यालय व बैंक के चक्कर काटने को मजबूर हैं। बता दें, जिले में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके करीब 70 हजार बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है।
इनके खाते में ₹500 रुपये प्रति माह के हिसाब से 1500 रुपए भेजे जाते हैं। ताकि वह अपना जीवन यापन कर सकें, लेकिन मार्च महीने के बाद से अब तक उनके खाते में पेंशन की धनराशि नहीं भेजी जा सकी है। जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा का कहना है कि बुजुर्गों के खाते में₹500 रुपये प्रति माह के हिसाब से 1500 रुपए भेजा जाता है। आखिरी पेंशन मार्च महीने में भेजी गई थी। इसके बाद से अभी तक शासन स्तर से पेंशन मद की राशि का आवंटन नहीं भेजा गया। उम्मीद है अगस्त महीने के अंत तक पेंशन की धनराशि खातों में पहुंच जाएगी।
