बरेली: पोल्ट्री फार्म व्यापार में मुनाफा बताकर बुजुर्ग से ऐंठे 13.50 लाख
बरेली, अमृत विचार। पोल्ट्री फॉर्म में मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति ने अपने दोस्त से लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस के सामने कुछ कम रुपये देने का समझौता होने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए। शिकायत पर बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रेमनगर क्षेत्र के हरगोविंद …
बरेली, अमृत विचार। पोल्ट्री फॉर्म में मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति ने अपने दोस्त से लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस के सामने कुछ कम रुपये देने का समझौता होने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए। शिकायत पर बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रेमनगर क्षेत्र के हरगोविंद नगर के रहने वाले प्रदीप कुमार गुप्ता (62) के साथ उनकी पहचान के बारादरी के मॉडल टाउन चौकी क्षेत्र स्थित शाहबाद कॉलोनी के रहने वाले महेंद्र पाल मल्होत्रा ने ठगी कर लाखों की रकम हड़प कर ली।
बुजुर्ग ने आरोप लगाते हुए बताया कि महेंद्र ने करीब डेढ़ साल पहले उन्हें पोल्ट्री फार्म के व्यापार के बारे में जानकारी देते हुए मुनाफे का लालच दिया। उन्हें बताया कि व्यापार में छह लाख का निवेश करने पर सुगना फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से एक लाख का मुनाफा होगा। लालच में आकर बुजुर्ग ने व्यापार के लिए हामी भर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने कई बार में उनसे 13 लाख 54 हजार की धनराशि ले ली।
बताया कि 9 लाख की रकम का भुगतान आरटीजीएस व चेक के माध्यम से किया गया। वहीं बकाया धनराशि का भुगतान नगद किया गया। आरोप है कि काम शुरू होने के तीन माह तक महेंद्र ने बुजुर्ग को मुनाफे में से कुछ भी नहीं दिया। वहीं घाटा दिखाकर काम को बंद कर दिया और व्यापार की ईमारत को किराए पर किसी तीसरे व्यक्ति को दे दिया।
काफी शिकायत करने के बाद बारादरी पुलिस ने दोनों में समझौता कराते हुए 10 लाख रुपये महेंद्र द्वारा बुजुर्ग को वापस करने की बात कही। बावजूद महेंद्र ने धनराशि वापस नहीं की। बुजुर्ग की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने महेंद्र पाल मल्होत्रा के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
