रामपुर: धर्मांतरण प्रकरण में गुजरात पुलिस का टांडा में छापा, एक गिरफ्तार
टांडा (रामपुर), अमृत विचार। धर्मांतरण प्रकरण में गुजरात एटीएस ने शनिवार रात को टांडा में छापा मारा। इस दौरान पुलिस यहां पर आने वाले युवक को अपने साथ ले गई। गांव में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार देर रात नगर के मोहल्ला राहूपुरा निवासी युवक मोहम्मद अहमद को एसओजी गुजरात ने स्थानीय …
टांडा (रामपुर), अमृत विचार। धर्मांतरण प्रकरण में गुजरात एटीएस ने शनिवार रात को टांडा में छापा मारा। इस दौरान पुलिस यहां पर आने वाले युवक को अपने साथ ले गई। गांव में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार देर रात नगर के मोहल्ला राहूपुरा निवासी युवक मोहम्मद अहमद को एसओजी गुजरात ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मोहम्मद अहमद के घर के चारों तरफ दबिश देकर उठा लिया। उसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई। जहां थाना प्रभारी को मामले से अवगत कराकर कागजी कार्रवाई के बाद अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि युवक को धर्मांतरण मामले में गुजरात ले जाया गया है। क्योंकि इससे पहले भी युवक मोहम्मद अहमद व उसके दो चचेरे भाइयों को धर्मांतरण मामले में एटीएस द्वारा उठाया गया था। दो भाइयों को पूछताछ करके छोड़ दिया। लेकिन मोहम्मद अहमद को अपने साथ ले जा कर पूछताछ की गई थी। जिसे सप्ताह भर बाद छोड़ा गया था। युवक कई साल से दिल्ली में किराए के रूम पर रहता है और बुर्के की दुकान चलाने के साथ वह बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता है।
बंदी के चलते वो पिछले कई माह से घर पर ही था। आसपास के लोगों ने बताया दिल्ली में वह जिस रूम पर किराए पर रहता था। वह बिल्डिंग धर्मांतरण मामले से जुड़े उमर गौतम की है, मोहम्मद अहमद को भी उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। युवक सात बहनों का एक भाई है। उसके पिता मौलाना अब्दुल सलाम रहमानिया मदरसे में शिक्षक और नगर की ठेकेदार वाली मस्जिद के इमाम भी हैं। युवक ने नगर के रहमानिया मदरसे में रहकर पढ़ाई की है। जिसमें उसके पिता शिक्षक हैं।
वह दिल्ली में इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स करने के बाद वहीं रहकर बुर्के बेचने का कार्य करने और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगा था। बंदी के चलते वह घर आया हुआ था। तभी लगभग दो माह पहले युवक को एटीएस ने उठा लिया। पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। सप्ताह भर बाद पूछताछ कर छोड़ा गया था। अब गुजरात एसओजी द्वारा उठाकर ले जाया गया है। परिवार वालों ने बताया उसका किसी के साथ कोई संबंध नही हैं।
आरोपी युवक पर गुजरात में धर्मांतरण के मामले में मुकदमा दर्ज था। देर रात को गुजरात एटीएस की टीम ने छापा मारकर युवक को अपने साथ ले गई। – धर्म सिंह मार्छल, सीओ स्वार
