बरेली: बेसमेंट मालिक और ठेकेदार पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट
फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। बुधवार को फतेहगंज पश्चिमी के मुख्य बाजार में निर्माणधीन बेसमेंट के कारण पड़ोसी दुकान का भवन गिरने से उसमें दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि एक मजदूर समेत तीन लोग घायल हो गए थे। मृतक मजदूरों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बेसमेन्ट मालिक दोनों भाईयों और …
फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। बुधवार को फतेहगंज पश्चिमी के मुख्य बाजार में निर्माणधीन बेसमेंट के कारण पड़ोसी दुकान का भवन गिरने से उसमें दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि एक मजदूर समेत तीन लोग घायल हो गए थे। मृतक मजदूरों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बेसमेन्ट मालिक दोनों भाईयों और ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गुरुवार को दो मजदूरों के शव जब कस्बे में पहुंचे तो कोहराम मच गया। परिजनों के साथ सभी की आंखे नम थीं। वहीं पड़ोस के मकान की दीवार और फर्श में भी दरारें पड़ गई हैं। जिससे उन्हें भी डर सताने लगा है।
मोहल्ला साहूकारा निवासी दीपक गोयल मुख्य बाजार में पुरानी दुकानों को तुड़वा कर बेसमेन्ट बनवा रहे थे। उनके पड़ोस में साहूकारा के ही कृष्ण अवतार गुप्ता की किराने की दुकान थी। बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे कृष्ण अवतार की दो मंजिला भवन भर भराकर गिर गया। जिससे कृष्ण अवतार और उनका नौकर सक्षम समेत बेसमेन्ट में काम कर रहे इस्लाम नगर निवासी शकील, मोहल्ला अंसारी निवासी जाहिद और भिटौरा निवासी धर्मेन्द्र दब गए।
कई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबा हटाकर कृष्ण अवतार और उनके नौकर सक्षम, शकील, धर्मेन्द्र और जाहिद को अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां धर्मेन्द्र और जाहिद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव जब कस्बे में पहुंचे तो कोहराम मच गया। जाहिद के पिता जाकिर हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने बेसमेन्ट मलिक दीपक गोयल और उनके भाई अमित गोयल के साथ ठेकेदार अकील निवासी अंसारी मोहल्ला वार्ड नंबर पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रोते रोते बेसुध हो गयीं पत्नियां
पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव घर पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। हर किसी की आंखें नम थी। धर्मेंद्र की पत्नी मंजू और जाहिद की पत्नी नसरीन रोते रोते वेसुध हो गयी। धर्मेन्द्र के परिवार में पत्नी व माता पिता, दो मासूम और जाहिद के परिवार में माता-पिता और नौ बहन और दो बेटियां हैं।
इकलौते बेटे थे दोनों
धर्मेन्द्र और जाहिद दोनों अपने माता पिता के इकलौते बेटे ही नहीं बल्कि परिवार की जीविका के आधार थे। उनके जाने के बाद परिवार पर रोटी का संकट गहरा गया है।
एसडीम और सीओ रहे मौजूद
मीरगंज एसडीम ममता मालवीय ट्रेंनिग पर गयी हुई हैं। जिसके चलते बहेड़ी एसडीम राजेश चंद्र ने गुरुवार को करीब 11 बजे पहुंचकर घटना स्थल को देखकर जांच पड़ताल की। बाद में सीओ सुनील राय भी पहुंच गए। फिर दोनों अधिकारी शाम तक पुलिस चौकी पर मौजूद रहे।
कृष्ण अवतार बेसमेन्ट का कर रहे थे विरोध
श्याम सर्राफ ने बताया कि उनके भाई पिछले एक सप्ताह से व्यापारियों से शिकायत करके बेसमेन्ट को रुकवाने की अपील कर रहे थे। उन्होंने दीपक गोयल से भी अपनी दुकान की बिल्डिंग पुरानी होने का हवाला देकर बेसमेन्ट बनाने से मना किया था। एक दिन तो उन्होंने लेवर को भगा दिया था। लेकिन विवाद होने के डर से वह शांत बैठ गए।
दूसरे पड़ोसी की दीवार भी फटी
बेसमेन्ट से दूसरे पड़ोसी कैलाश अग्रवाल की दुकान और मकान की दीवार और फर्श में दरार पड़ गयी है। लिंटर न गिरे इसलिए उन्होंने लिंटर को रोकने के प्रयास किए हैं। साथ ही एसडीएम और पुलिस से बेसमेन्ट भरवाने की परमीशन मांगी है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
