बरेली में डकैती: बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाया, लाखों की नकदी और स्कॉर्पियो कार लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार देर रात डकैतों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। लकड़ी कारोबारी के घर में घुसे बदमाशों ने पहले परिवार को बंधक बनाया। बाद में हथियारों के दम पर सोने चांदी के जेवर, नकदी, स्कॉर्पियो कार समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस डकैती …

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार देर रात डकैतों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। लकड़ी कारोबारी के घर में घुसे बदमाशों ने पहले परिवार को बंधक बनाया। बाद में हथियारों के दम पर सोने चांदी के जेवर, नकदी, स्कॉर्पियो कार समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस डकैती से जहां पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है वहीं, आस-पास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

परिवार के सदस्यों को किया अलग-अलग कमरे में बंद
दरअसल, नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरौर गांव के रहने वाले जलीस अहमद लकड़ी कारोबारी है। रात में वह अपने घर में परिवार के सदस्यों के साथ सो रहे थे। तभी अचानक बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसे बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया। परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर अलग अलग कमरों में बंद कर दिया। लोगों ने चीखने की कोशिश की तो हथियारों से डरा धमकाकर उन्हें शांत कर दिया। नहीं मानने पर उन्होंने उनके साथ मारपीट भी की। डर की वजह से सभी सहमे हुए बैठे रहे।

जबरदस्ती छीन सेफ की चाबी, धमकी देकर फरार
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कारोबारी से हथियारों की दम पर सेफ की चाभी छीन ली।जिसके बाद सेफ में रखी नकदी, सोने, चांदी के जेवरात लूट लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने व्यापारी के घर पर खड़ी स्कॉर्पियो की गाड़ी की भी चाबी छीनी और उसे लेकर फरार हो गए। साथ ही धमकी भी दे गए कि उन्होंने किसी को बताने की कोशिश की तो सभी को जान से मार देंगे। कारोबारी ने घटना की जानकारी पुलिस सहित अन्य लोगों को दी। किसी तरह पड़ोसियों ने उन्हें बंधक से मुक्त कराया।

दस से अधिक बताए जा रहे है बदमाश
पीड़ित कारोबारी की माने तो देर रात करीब एक बजे उनके घर में दस से अधिक बदमाश घुसे थे। जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया था। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। आस-पास में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

 

 

संबंधित समाचार