सीतापुर: टीकाकरण महाअभियान में लक्ष्य के मुकाबले 110 फीसद लोगों को लगा टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। जिले के बाशिंदों ने साबित कर दिखाया कि कोरोना को परास्त करने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। सोमवार को कोविड टीकाकरण के महा अभियान में लक्ष्य के मुकाबले 110 प्रतिशत लोगों ने कोरोना का टीका लगवाकर खुद को, अपने परिवार को और अपने आसपास के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के …

सीतापुर। जिले के बाशिंदों ने साबित कर दिखाया कि कोरोना को परास्त करने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। सोमवार को कोविड टीकाकरण के महा अभियान में लक्ष्य के मुकाबले 110 प्रतिशत लोगों ने कोरोना का टीका लगवाकर खुद को, अपने परिवार को और अपने आसपास के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए तैयार किए जा रहे सुरक्षा चक्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दिया है। इस महाअभियान के लिए जिले को सीतापुर शहरी एरिया और सभी 19 ब्लॉकों सहित 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया था।

इस महा अभियान के तहत जिले भर में 89,100 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन लक्ष्य के सापेक्ष 97,991 लोगों को यह टीका लगाया गया। इस महा अभियान के दिन सोमवार की दोपहर की कड़ी धूप और उमस के बावजूद कोरोना रोधी टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिसके चलते अभियान के समापन तक लक्ष्य के सापेक्ष 110 प्रतिशत टीकाकरण हो गया था।

सीएमओ डॉ. मधु गैरोला और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय उन सभी लोगों को दिया है, जो इस अभियान को सफल बनाने के लिए कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। इस महाअभियान के लिए जिले की सभी 19 ब्लॉक सीएचसी सहित जिला मुख्यालय को टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। सीएचसी अधीक्षकों ने ब्लॉक के विभिन्न गांवों में भी टीकाकरण कैंप की व्यवस्था की, टीकाकरण के महाअभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।

गोंदलामऊ, रामपुर मथुरा और पहला ने मारी बाजी

कोविड टीकाकरण का महाअभियान के तहत सभी ब्लॉक सीएचसी को 4,500-4,500 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। इनमें से गोंदलामऊ, रामपुर मथुरा और पहला सीएचसी क्रमश:पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। गोंदलामऊ सीएचसी की टीम द्वारा कुल 5,813 (129.18 प्रतिशत) लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इसी तरह रामपुर मथुरा और पहला की मेडिकल टीम ने क्रमश: 5,686 (126.36 प्रतिशत) और 5,460 (121.33 प्रतिशत) लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया। इसके अलावा बिसवां में 5,431, हरगांव में 5,318, खैराबाद में 5,252, महोली में 5,221, बेहटा में 5,096, सिधौली में 5,028, लहरपुर में 5,008, सकरन में 4,941, मिश्रिख में 4,905, ऐलिया में 4,902, परसेंडी में 4,873, पिसावां में 4,798, रेउसा में 4,618, महमूदाबाद में 4,551, कसमंडा में 4,543 और मछरेहटा में 3,834 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इसके अलावा सीतापुर सीतापुर शहरी क्षेत्र 3,600 के सापेक्ष 2,713 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन दी गई।

संबंधित समाचार