अमेठी: जिलाधिकारी अरुण कुमार ने ली नोडल अधिकारियों की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
अमेठी। जिले में देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों के एक दिवसीय परिचायक अनावासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 16 सितंबर से 9 अक्टूबर …
अमेठी। जिले में देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों के एक दिवसीय परिचायक अनावासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 16 सितंबर से 9 अक्टूबर के बीच दो बैचों में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिसके क्रम में विकासखंड गौरीगंज के 15 व 16 सितंबर को, जगदीशपुर में 17 व 18 सितंबर को, भादर में 20 व 21 सितंबर को, भेटुआ में 22 सितंबर को, सिंहपुर में 23 व 24 सितंबर को, तिलोई में 25 व 27 सितंबर को, बहादुरपुर में 28 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अमेठी में 29 सितंबर को, संग्रामपुर में 30 सितंबर को, शाहगढ़ में 1 अक्टूबर को, शुकुल बाजार में 4 व 5 अक्टूबर को, मुसाफिरखाना में 6 व 7 अक्टूबर को तथा जामों में 8 व 9 अक्टूबर को प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम संबंधित खंड विकास अधिकारी/सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के पर्यवेक्षण में संबंधित विकासखंड स्तर पर निर्धारित तिथियों और बैचों में संपन्न कराया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 10 से 5 तक संचालित होगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को पंचायत राज व्यवस्था, ग्राम सभाएं व ग्राम पंचायत की बैठकें, ग्राम प्रधान की भूमिका एवं कर्तव्य और विधायी व्यवस्था अन्य आवश्यक गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ-साथ युवाओं के लिए कौशल विकास व खेलकूद के संवर्धन एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रमों का समावेश को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा पंचायतों में ई-गवर्नेंस की स्थापना, मॉडल पंचायत और मॉडल ग्राम पंचायत के अपेक्षित मानक एवं प्रस्तावित गतिविधियां, ओएसआर, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पुरस्कार के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाना है। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए नामित सभी नोडल अधिकारियों को संबंधित विकास खंडों में प्रशिक्षण के लिए निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीराम यादव, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडे सहित समस्त नोडल अधिकारी व अन्य संबंधित मौजूद रहे।
