यूपी: सीएम योगी ने दी चेतवनी, कहा- माफिया सुधरे जाएं, नहीं तो जीना कर देंगे दुश्वार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संतकबीरनगर के नव निर्मित जिला कारागार परिसर में जिला कारागार का लोकार्पण समेत करीब 245 करोड़ रुपये लागत की 122 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार में माफिया को मिले सत्ता के संरक्षण पर जमकर निशाना साधा। …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संतकबीरनगर के नव निर्मित जिला कारागार परिसर में जिला कारागार का लोकार्पण समेत करीब 245 करोड़ रुपये लागत की 122 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार में माफिया को मिले सत्ता के संरक्षण पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया के लिए हमारा संदेश बिलकुल स्पष्ट है। माफिया यदि गरीब, किसान, व्यापारी का जीना हराम करेगा तो हमारी सरकार उसका जीना हराम कर देगी। सरकार ने यह करके दिखाया भी है। उन्होंने कहा कि संत कबीरनगर में जिला कारागार बन जाने से अब यहां के कैदियों को बस्ती नहीं भेजना पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कारागार सुधारगृह के रूप में आदर्श कारागार बनेगा। योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी।
कई जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू हो गए हैं, जिन जिलों में अभी इसकी शुरूआत नहीं हुई है, वहां भी पीपीपी मॉडल से मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही गोरखपुर में एम्स बनकर तैयार हो गया है, जिसका लोकार्पण शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारें विकास को लेकर कभी गंभीर नहीं रहीं। भाई भतीजावाद, जाति-पाति और दबंगई चरम पर थी, लेकिन जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तब से विकास की गति तेज हुई है।
अपना घर को जरूर नीलाम करवा देगा…
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडागर्दी और दंगा प्रदेश की पहचान बन चुका था, नौजवानों की नौकरी को इनके द्वारा नीलाम कर दिया जाता था। जब नौकरी निकलती थी एक परिवार के लोग नौकरी लेकर जगह-जगह वसूली करने निकल पड़ते थे, आज यदि कोई नौकरी नीलाम करने का प्रयास करेगा तो नौकरी तो नहीं नीलाम कर पाएगा, अपने घर को जरूर नीलाम करवा देगा।
