बरेली: दीवार गिरने से बच्चे की मौत में बिल्डर के खिलाफ देंगे तहरीर
बरेली, अमृत विचार। मंगलवार शाम आंधी में गिरी दीवार के नीचे दबकर हुई रिक्शा चालक के बेटे की मौत के मामले में परिजनों ने कॉलोनी काट रहे बिल्डर के खिलाफ सुभाषनगर पुलिस को तहरीर सौंपने की तैयारी की है। परिजनों व स्थानीय लोगों के मुताबिक दीवार बनाने के समय ग्रामीणों ने विरोध किया था। बावजूद …
बरेली, अमृत विचार। मंगलवार शाम आंधी में गिरी दीवार के नीचे दबकर हुई रिक्शा चालक के बेटे की मौत के मामले में परिजनों ने कॉलोनी काट रहे बिल्डर के खिलाफ सुभाषनगर पुलिस को तहरीर सौंपने की तैयारी की है। परिजनों व स्थानीय लोगों के मुताबिक दीवार बनाने के समय ग्रामीणों ने विरोध किया था। बावजूद रेते की चुनाई से दीवार का निर्माण करा दिया गया था।
करगैना गौटिया निवासी रिक्शा चालक राजू उर्फ राजवीर ने बताया कि मंगलवार की देर शाम अचानक आई आंधी में घर के पास बनी करीब 10 फिट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई थी। जिसके नीचे दबने से उनके चार साल के बेटे निहाल की मौके पर ही मौत हो गई। दीवार की दूसरी तरफ एक बिल्डर कॉलोनी काट रहा है। कुछ समय पहले बिल्डर ने बस्ती की तरफ से दीवार खड़ी कर दी थी। दीवार निर्माण के समय गांव वालों ने इसका विरोध किया था।
वजह थी कि बिना किसी सुरक्षा नियमों के पालन के खराब गुणवत्ता से दीवार का निर्माण कराया गया था। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। सुभाषनगर इंस्पेक्टर नरेश त्यागी का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर दिए जाने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
