जालौन: गड्ढे में डूबने से युवक की मौत, एसडीएम ने किया मौके का मुआयना
जालौन। लगभग डेढ़ माह पूर्व बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के लिए उठाई गई मिट्टी के स्थान पर हुए गहरे गड्ढे में पानी भरने से एक युवक की गड्ढे में डूबकर मृत्यु हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए एसडीएम ने मौके का मुआयना किया। …
जालौन। लगभग डेढ़ माह पूर्व बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के लिए उठाई गई मिट्टी के स्थान पर हुए गहरे गड्ढे में पानी भरने से एक युवक की गड्ढे में डूबकर मृत्यु हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए एसडीएम ने मौके का मुआयना किया। साथ ही इतना गहरा गड्ढा किसकी अनुमति से खोदा गया। इसकी भी जांच चल रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकरीराजा निवासी राजाराम पटेल के रोड से सटे खेत से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के लिए मिट्टी उठाई गई थी। निर्धारित मानक के अतिरिक्त मिट्टी की खुदाई होने से गहरा गड्ढा हो गया था। बीती जुलाई-अगस्त में हुई बारिश के चलते गड्ढा में पानी भर चुका था। बीती एक अगस्त को सिकरीराजा गांव का ही अमित कुमार (19) व छोटा भाई विवेक (16) अपने दोस्त पंकज के साथ जालौन में बिजली की फिटिंग का काम करने के लिए गए थे।
उसी शाम करीब साढ़े 6 बजे वह तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। रास्ते में कीचड़ होने के चलते वह उक्त गड्ढे के पास रुककर गड्ढे में भरे पानी से कीचड़ साफ करने लगे। तभी किनारे की मिट्टी धसकने से अमित और विवेक मिट्टी के साथ गड्ढे में चले गए। पंकज ने विवेक का हाथ पकडक़र उसे बाहर खींच लिया। पर अमित को नहीं पकड़ सका।
अमित देखते ही देखते गड्ढे में डूब गया। इसको लेकर एसडीएम मीनू राणा ने आज घटना स्थल का निरीक्षण कर गड्ढे की गहराई और डूबने का कारण पता लगाने का प्रयास किया। उक्त संदर्भ में एसडीएम मीनू राणा ने बताया कि मृतक के आश्रितों को आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
