बरेली: छात्रा से दुष्कर्म में 2 और युवकों की वीडियो से पहचान
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कक्षा 5 की छात्रा से दुष्कर्म मामले की जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई है। सीओ ने जांच के बाद आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट की धारा और बढ़ा दी। साथ ही पुलिस के हाथ लगे छात्रा के वायरल वीडियो में दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई है। जिसके …
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कक्षा 5 की छात्रा से दुष्कर्म मामले की जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई है। सीओ ने जांच के बाद आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट की धारा और बढ़ा दी। साथ ही पुलिस के हाथ लगे छात्रा के वायरल वीडियो में दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई है। जिसके बाद उनकी भी गिरफ्तारी की तैयारी पुलिस कर रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी वाहन चालक की 13 वर्षीय बेटी से गांव के ही एक युवक सादिक ने प्लाट में ले जाकर दुष्कर्म किया था। सादिक के दोस्त शाहरुख ने युवती की अश्लील वीडियो व फोटो मोबाइल में रिकॉर्ड की थी। छात्रा ने विरोध किया तो शाहरुख अपने अन्य साथी अयान व अन्य लोगों को भी घटना स्थल पर बुला लाया। आरोपियों ने छात्रा को वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।
सहमी छात्रा ने घरवालों को घटना की जानकारी नहीं दी। कुछ दिन बाद परिजनों के पास बेटी की वायरल अश्लील वीडियो पहुंची तो उन्होंने पूछताछ की। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सादिक, शाहरुख व अयान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं, अब मामले की जांच सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव को सौंपी गई है। जांच हाथ में आते ही सीओ ने आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की एक धारा और बढ़ा दी। इधर, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटना स्थल पर मौजूद दो अन्य युवक आकिब और मिस्यार खां की शिनाख्त भी छात्रा ने कर ली है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
