बरेली: प्रेम विवाह के बाद लड़की के ससुर की हत्या
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में लड़की के प्रेम विवाह के बाद उसके सास-ससुर पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपी लहूलुहान हालत में उन्हें खेत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां सोमवार को ससुर की मौत हो गई। सास की हालत गंभीर है। पुलिस ने …
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में लड़की के प्रेम विवाह के बाद उसके सास-ससुर पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपी लहूलुहान हालत में उन्हें खेत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां सोमवार को ससुर की मौत हो गई। सास की हालत गंभीर है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एक को हिरासत में लिया गया है।
इज्जतनगर के करमपुर चौधरी निवासी सरवर खां और उनकी पत्नी हसीना के बेटे नन्नू से आरोपी पक्ष की लड़की से प्रेम विवाह किया था। शादी से पहले दो बार प्रेमिका अपना घर छोड़कर सरवर के घर आ चुकी थी। विवाद न हो, इसके लिए दोनों बार सरवर लड़की को उसके घर छोड़ आया लेकिन तीसरी बार प्रेमी युगल ने शादी कर ली। इसके बाद से ही आरोपी पक्ष रंजिश मानने लगे। एक साल पहले सरवर ने बेटे और बहू को घर से बेदखल कर दिया था। जिसके बाद से ही लड़का और लड़की के बारे में किसी को कुछ भी पता नहीं है।
सरवर खां के दूसरे बेटे अफसर खां ने बताया कि रविवार को उनके माता-पिता गांव में ही बकरी चराने व जंगल से लकड़ियां एकत्र करने गए थे जहां गांव के ही मस्तू खां, समसू खां, बन्ने खां, मोमीन, आमीन खां व मौसर खां ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया। मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की। सरवर की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मामला तरमीम किया गया। हसीना की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उधर, घटनाक्रम के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
