पीलीभीत: यूपीएसएस, पीसीएफ और एफसीआई के जिला प्रबंधकों पर कार्रवाई के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। धान खरीद के बीच बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने और बैठक से गैरहाजिर रहने पर यूपीएसएस, पीसीएफ और एफसीआई के जिला प्रबंधकाें की मुश्किल बढ़ गई है। डीएम पुलकित खरे ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश कर दिए हैं। इसके लिए शासन स्तर पर पत्राचार भी किया जाएगा। अन्य एजेंसियों के जिला …

पीलीभीत, अमृत विचार। धान खरीद के बीच बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने और बैठक से गैरहाजिर रहने पर यूपीएसएस, पीसीएफ और एफसीआई के जिला प्रबंधकाें की मुश्किल बढ़ गई है। डीएम पुलकित खरे ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश कर दिए हैं। इसके लिए शासन स्तर पर पत्राचार भी किया जाएगा। अन्य एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को भी आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
एक अक्टूबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। धान खरीद को पारदर्शिता से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

इसी को देखते हुए पहले ही क्रय एजेंसियों के प्रबंधकों और अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने और बैठकों में उपस्थित रहने के निदेश दिए गए थे। रविवार शाम को डीएम ने गांधी प्रेक्षागृह में जिला प्रबंधकों संग समीक्षा बैठक आयोजित की थी। इसमें पहुंचते ही डीएम ने सभी की उपस्थिति चेक की। इस दौरान यूपीएसएस के जिला प्रबंधक शिव अवतार कुशवाहा, पीसीएफ के अतुल चौधरी, एफसीआई के एसपी भार्गव नदारद मिले।

वह बिना अनुमति मुख्यालय छोड़कर गए और बैठक में भी गैरहाजिर हुए। डीएम ने नाराजगी जताई और तीनों जिला प्रबंधकों के खिलाफ शासन को पत्र भेजकर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे लेकर पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है।ऐसे में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य जिला प्रबंधकों को भी इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नये केन्द्रों के संचालन की स्थिति, जियो टैगिंग, बुनियादी सुविधाएं और उपकरणों की उपलब्धता के बारे में केंद्र वार समीक्षा की गई।इस मौके पर एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र, एसडीएम अमरिया रामदास आदि मौजूद थे।

किसानों को जागरूक करें, पराली न जलाएं
जिला प्रबंधकों से पूर्व सदर और बीसलपुर तहसील के लेखपालों संग बैठक की गई। डीएम ने कहा कि इस समय धान खरीद और पराली को प्राथमिकता पर लिया गया है। लेखपाल अपने क्षेत्र के धान की खेती करने वाले किसानों का पूरा ब्यौरा रजिस्टर में दर्ज करें।किसान का नाम, धान का रकबा और रजिस्ट्रेशन का जिक्र रहे। आगामी तीन दिन में समस्त लेखपाल गांव-गांव चौपाल लगाकर किसानों को धान क्रय नीति, नये नियमों के बारे में बताएं।जिन लेखपालों की ड्यूटी क्रय केन्द्रों पर लगी है, वह प्रतिदिन वेबसाइट को चेक कर बुक किए गए स्लाॅट के अनुसार उसी तिथि को धान की तौल कराएं।

छोटे से छोटे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलना चाहिए। किसानों को जागरूक भी करें, कि वह पराली न जलाएं। जैविक खाद और पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल करें। गोशाला पहुंचाने की व्यवस्था ग्राम पंचायत स्तर पर की गई है। अधिक पराली पहुंचाने वाले किसान पुरस्कृत भी किए जाएंगे।

इन नंबरों पर करें धान खरीद की शिकायत

  • सदर तहसील- 05882-297011
  • बीसलपुर – 05882-297012
  • पूरनपुर – 05882-297013
  • अमरिया – 05882-297014
  • कलीनगर – 05882-297015

धान खरीद के बीच तीन एजेंसियों के जिला प्रबंधक बैठक में गैरहाजिर रहे हैं। उनके बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की बात सामने आई है, जबकि पहले से इसे लेकर निर्देशित कर दिया था। इन तीनों के खिलाफ कार्रवाई को शासन को भी लिखा जाएगा। – पुलकित खरे, डीएम

संबंधित समाचार