रायबरेली: अवैध शराब के कारोबार पर नहीं कसी गई नकेल, जानें पूरा मामला…
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में धड़ल्ले से शराब बिक रही है। अवैध शराब पीने से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है लेकिन पुलिस ने नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश नहीं की। असल में इस नेटवर्क में खाकी की भी मिलीभगत …
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में धड़ल्ले से शराब बिक रही है। अवैध शराब पीने से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है लेकिन पुलिस ने नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश नहीं की। असल में इस नेटवर्क में खाकी की भी मिलीभगत है।
क्षेत्र में हरियाणा से आने वाली शराब भारी मात्रा में बेची जाती है। वहीं दर्जनों गांव में कच्ची शराब की भठ्ठी धधक रही है। हाल ही में अवैध रूप से धधक रही शराब को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुए थे लेकिन शिवगढ़ पुलिस द्वारा कोई अभियान नहीं चलाया।
शिवगढ़ क्षेत्र के गंज बाजार, बोधी खेड़ा,पडीरा ,ओसाह, हिंदू खेड़ा, नयापुरवा,गौतम खेड़ा समेत दर्जनों ग्रामों में कच्ची शराब की भट्ठियां चल रही हैं। वहीं मामले से अंजान बनी हुई है। कार्यवाही के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। वहीं होली, दिवाली या किसी बड़े कांड पर ही पुलिस अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ छापामारी करती है। लोगों का कहना है कि इस हलके में जब से एक नए दरोगा की तैनाती हुई है तब से अवैध शराब का कारोबार और भी बढ़ गया है।
पाउच में शराब भरकर छिपाने का होता है कारनामा
सूत्रों की माने तो शराब व्यवसाय से जुड़े ग्रामीण एक-एक लीटर के पाउच बनाकर खेतों व बागों में गड्ढ़े बनाकर मिट्टी में दबा देते हैं और अपने ग्राहकों को पहचानकर उन्हें पाउच निकाल कर दे देते हैं।
मामले में क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। हीलाहवाली करने वालों के खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।
