अमेठी: डीएम ने की राजनैतिक दलों के साथ बैठक, 1 नवंबर से चलेगा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान
अमेठी। आज जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर एक नवंबर से 30 नवंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के संबंध में चर्चा की गई। इस बैठक में अरुण कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की …
अमेठी। आज जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर एक नवंबर से 30 नवंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के संबंध में चर्चा की गई।
इस बैठक में अरुण कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता पुनरीक्षण को लेकर 7, 13, 21 और 28 नवंबर 2021 को विशेष अभियानों की तिथि निर्धारित की गई है। इन तिथियों पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ के साथ राजनीतिक पार्टियों की तरफ से नामित बूथ लेवल ऑफिसर भी उपस्थित रहेंगे। जिससे जनपद के समस्त पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सम्मिलित किया जा सके।
इसके लिए जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद समस्त राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों से बूथ लेवल ऑफिसर की सूची उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उन्होंने युवा मतदाताओं का अधिक से अधिक नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के साथ महिला और दिव्यांग मतदाताओं का भी अधिक से अधिक नाम सूची में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से वोटर हेल्पलाइन एप अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि एक नवंबर से 30 नवंबर तक जनपद के समस्त मतदान केंद्रों पर बीएलओ की ओर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। जिसमें मतदाताओं के पहचान पत्र में त्रुटि सही कराने और 1 जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पूरे करने वाले युवाओं का मतदाता पहचान पत्र बनाया जाएगा।
साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार 18 से 19 साल के मतदाताओं को विशेष रूप से जोड़ने का अभियान चलाया जाए। इस क्रम में जनपद के हर बूथ पर कम से कम 15 से 20 मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए क्योंकि शादी होने के बाद अधिकतर महिलाओं के पहचान पत्रों का स्थानांतरण नहीं हो पाता है। जिसको अभियान चलाकर सही कराने की आवश्यकता है। साथ ही पुनरीक्षण कार्य पूरा कर निर्वाचन आयोग को नए वोटर की सूचना भेज दी जाएगी।
