रामपुर में मुंबई से आई टीम ने हार्डवेयर की चार दुकानों पर मारा छापा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। शहर में चार हार्डवेयर की दुकानों पर मुंबई से आई टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी की। इस दौरान चारों दुकानों से काफी मात्रा में पुलिस को सीपीवीसी के नकली पाइप मिले। पुलिस सभी को जब्त करने के बाद थाने ले आई। इन पाइप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही …

रामपुर, अमृत विचार। शहर में चार हार्डवेयर की दुकानों पर मुंबई से आई टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी की। इस दौरान चारों दुकानों से काफी मात्रा में पुलिस को सीपीवीसी के नकली पाइप मिले। पुलिस सभी को जब्त करने के बाद थाने ले आई। इन पाइप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। टीम ने इस मामले में चारों हार्डवेयर स्वामियों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर रही है और पकड़े गए माल को सीज कर दिया है। इसके अलावा एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मुंबई की प्रिंस पाइप्स एंड फिटिंग लिमिटेड सीपीवीसी पाइप बनाती है, जिसकी सप्लाई जिले भर में होती है। कंपनी को कुछ रोज पहले शिकायत मिली थी कि उनके ब्रांड के नाम पर दुकानों पर सस्ता और नकली माल बेचा जा रहा है। शिकायत के आधार पर कंपनी की एक टीम लीगल एडवाइजर के नेतृत्व में शनिवार को रामपुर पहुंची। टीम ने सिविल लाइंस पुलिस को साथ लेकर हार्डवेयर की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने पुराना रोडवेज बस स्टैंड के पीछे स्थित गोयल ट्रेडर्स,जैन ट्रेडर्स के यहां छापा मारा। इसके साथ ही ज्वालानगर में देव हार्डवेयर स्टोर, फैंसी हार्डवेयर आगापुर रोड लक्ष्मीनगर पर भी छापेमारी की।

टीम को यहां काफी मात्रा में कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली पाइप मिले। टाटा मैजिक में भरकर पुलिस सारे माल को थाने ले आई और सारे माल को सीलकर दिया। पकड़े गए माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर लव कुमार सिरोही ने बताया कि कंपनी के लीगल एडवाइजर डा.ऋषि कुलश्रेष्ठ की ओर से चारो हार्डवेयर कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के साथ ही कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है और सारा माल जब्त कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शहर के अंदर भी कई हार्डवेयर की दुकानें हैं,टीम को वहां पर भी जाकर छापेमारी करनी चाहिए थी।

छापेमारी के दौरान कई दुकानदारों में मचा हड़कंप
शनिवार को मुंबई से आई टीम ने हार्डवेयर की दुकानों पर छापे मारी। इस छापेमारी से अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बहुत से दुकानदार दुकानों को बंद करके गायब हो गए। टीम ने कई घंटे तक दुकानों को खंगाला। सभी से भारी मात्रा में पाइप मिले कई दुकानदारों ने माफी तक मांगी। लेकिन टीम ने किसी को नहीं बख्शा।

प्लंबरों की साठ-गांठ से बेचे जाते हैं पाइप
इन दिनों शहर भर में धड़ल्ले से लोग मकानों का निर्माण करा रहे हैं निर्माण के बाद घरों में पाइप की फिटिंग भी की जाती है। लोग टंकी की फिटिंग के लिए प्लंबर को बुलाते हैं इन लोगों की दुकानदारों से सेंटिग होने के कारण यह लोग अपनी सेंटिग की दुकानों पर पाइप लेने भेज देते हैं। यह लोग कंपनी का पाइप बताकर नकली पाइप देते है पिलंबर और दुकान स्वामी दोनों मिलकर ग्राहकों को एक दिन में हजारों रुपये का चूना लगा देते हैं। पुलिस को ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

संबंधित समाचार