केदारनाथ धाम पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू, दून में हरदा से की गुफ्तगू
देहरादून, अमृत विचार। धनतेरस पर पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ देहरादून पहुंचे। यहां पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत से मिलने के बाद सभी नेताओं ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए। उनके साथ पंजाब प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष केपी राणा भी थे। बता …
देहरादून, अमृत विचार। धनतेरस पर पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ देहरादून पहुंचे। यहां पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत से मिलने के बाद सभी नेताओं ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए। उनके साथ पंजाब प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष केपी राणा भी थे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी दीपावली के एक दिन बाद यानी पांच नवंबर को केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
केदारनाथ धाम सिद्धू और चन्नी की इस यात्रा को आपसी मतभेदों को खत्म करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सोमवार को ही संयुक्त हिंदू महासभा के मंच से नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही सरकार को कई नसीहतें दे डाली थी। मुलाकात के दौरान हरीश रावत ने कहा कि पंजाब में सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है। चुनौतियों से हम पार पा रहे हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि ‘कर्तव्य पथ’ से बड़ा कोई ‘धर्म पथ’ नहीं। गरीबों का पेट भरना और खुशियां फैलाना धर्म है। यह महादेव का संदेश है। इसलिए मैं यहां आशीर्वाद लेने आया। ताकि मैं अपने कल्याण को पंजाब के कल्याण के साथ मिला सकूं और पंजाब व पंजाबियों की जीत हो।

बता दें कि सोमवार को केदारनाथ धाम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को देवस्थानम बोर्ड के मुद्दे को लेकर तीर्थ पुरोहितों के विरोध का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को बाबा केदार के दर्शन किए बगैर वापस लौटना पड़ा। इस दौरान मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी विरोध के बीच बाबा केदार के दर्शन किए थे।

