रामपुर: भड़काऊ भाषण, आचार संहिता उल्लंघन समेत तीन मामले में आजम खां पर आरोप तय
रामपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनावों के दौरान भड़काऊ भाषण देने और आचार संहिता उल्लंघन के मामले तथा दो वर्गों में वैमनस्यता पैदा करने के आरोप में सपा सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज तीन मुकदमों में गुरुवार को एमपी एमएलए कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं। इन मामलों में अब गवाही की प्रक्रिया शुरू …
रामपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनावों के दौरान भड़काऊ भाषण देने और आचार संहिता उल्लंघन के मामले तथा दो वर्गों में वैमनस्यता पैदा करने के आरोप में सपा सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज तीन मुकदमों में गुरुवार को एमपी एमएलए कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं। इन मामलों में अब गवाही की प्रक्रिया शुरू होगी। जिसकी सुनवाई 22 नवंबर को होना है। मामलों में वीसी के जरिए सुनवाई होना है। इससे पहले कई अन्य मामलों में आजम खां पर आरोप तय हो चुके हैं। वह 26 फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बेटे के साथ बंद हैं।
2019 में लोकसभा चुनाव हुए थे। इस दौरान आजम खां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी थे। उन्होंने इस चुनाव को जीत भी लिया था। लेकिन चुनाव में प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण करने, आचार संहिता का उल्लंघन करने और दो वर्गों में वैमनस्यता पैदा करने के आरोप में थाना सिविल लाइंस, खजुरिया, बिलासपुर थाने में अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
थाना खजुरिया क्षेत्र में आजम खां की जनसभा का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें आरोप था कि आजम खां ने दो वर्गों में वैमनस्यता पैदा करने की मंशा से भड़काऊ भाषण दिया था। इस वीडियो पर अवलोकन करने के बाद टीम के प्रभारी रामनरेश ने खजुरिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। बिलासपुर थाने में भी आजम खां के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। सिविल लाइंस थाने में भी चुनाव आयोग के प्रति मतदाताओं को भड़काने के आरोप में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इन मामलों की विवेचना करते हुए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अब ये मामले एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे हैं। जिनमें गुरुवार को तारीख थी।
86 से अधिक मुकदमें दर्ज सपा सांसद आजम खां पर
सपा सरकार जाने के बाद सूबे में आई भाजपा सरकार ने सपा सांसद आजम खां को चारो ओर से घेर लिया था। भैंस चोरी से लेकर बकरी चोरी और किसानों की जमीन कब्जाने तक के उन पर आरोप लगे थे। जिले भर के सभी थानों में 86 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। इन सभी मामलों में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। इस पर लगातार सुनवाई चल रही है।
26 फरवरी 2020 को सपा सांसद आजम खां ने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम खां, पत्नी शहर विधायक डा.तजीन फात्मा सहित तीनों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। हालांकि शहर विधायक इस समय जमानत पर चल रहीं हैं। पिता पुत्र पिछले डेढ़ साल से सीतापुर जेल में है। आजम खां दो बार बीमार भी हो चुके हैं।
इन तीनों मामलों में गुरुवार को कोर्ट ने सपा सांसद आजम खां के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। अब इन तीनों मामलों में गवाही शुरु हो जाएगी। वीसी के जरिए सुनवाई होगी। इन मामले में अब 22 नवंबर को सुनवाई होना है -अरुण प्रकाश सक्सेना जिला शासकीय अधिवक्ता
