मुरादाबाद : अभिनेत्री जयाप्रदा पर टिप्पणी में अब 17 को होगी सुनवाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सम्भल के पूर्व जिलाध्यक्ष व आयोजक कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं द्वारा पांच दिन का वक्त मांगे जाने पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 17 नवंबर की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सम्भल के पूर्व जिलाध्यक्ष व आयोजक कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं द्वारा पांच दिन का वक्त मांगे जाने पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।
वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में रामपुर लोकसभा सीट से सपा के कद्दावर नेता आजम खां ने अभिनेत्री व भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा को शिकस्त दी थी। इसके बाद आजम खां के स्वागत में कटघर थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कालेज में जलसे का आयोजन किया गया था। जिसमें आजम खां के अलावा उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और मुरादाबाद के सांसद डा. एसटी हसन ने प्रमुख रूप से शिरकत की थी।
इस जलसे में अपने संबोधन के दौरान आजम खां व अन्य सपाइयों ने जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। बाद में कटघर थाने में आजम खां, अब्दुल्ला आजम, डा. एसटी हसन, सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष फरोज खां, रामपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अजहर खां और आयोजनकर्ता आरिफ खां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में फरार चल रहे सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां सरेंडर कर चुके हैं। जबकि कोर्ट में पेश न होने पर रामपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां को कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। साथ ही आरोपियों द्वारा चार्जशीट पर सवाल उठाते हुए कोर्ट में दिए गए डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र को कोर्ट ने खारिज भी कर दिया है।
दो आरोपी हुए पेश, अब 17 को होगी सुनवाई
इस मामले में शुक्रवार को फिर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आरोपी सम्भल के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां और आयोजक आरिफ खां कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने कोर्ट में पांच दिन का वक्त मांगा। उन्होंने तर्क दिया कि डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र को लेकर हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। जिस कारण पांच दिन का वक्त दिया जाए। अपर शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर ने बताया कि अब इस मामले में 17 नवंबर को सुनवाई होगी।
