Jalaun News : दिव्यांग फरियादी के सम्मान में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने छोड़ी कुर्सी, जमीन पर बैठकर IAS रिंकू सिंह राही ने सुनी समस्या

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपनी संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार से लोगों का दिल जीत लिया। एक दिव्यांग फरियादी की समस्या सुनने के लिए उन्होंने अपनी कुर्सी छोड़ दी और स्वयं जमीन पर बैठकर उसकी बात गंभीरता से सुनी।

कोतवाली जालौन में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जा रही थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे थे। इसी दौरान एक दिव्यांग युवक अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा। युवक को असहज स्थिति में देखकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तुरंत अपनी कुर्सी से उठे और उसके पास जमीन पर बैठ गए।

उन्होंने आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ युवक की समस्या सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को उसके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने युवक को शिक्षा के महत्व के बारे में भी समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने और आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की प्रेरणादायक बातों से प्रभावित होकर युवक ने विद्यालय में प्रवेश लेकर पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। जानकारी के अनुसार वह शीघ्र ही स्कूल में दाखिला लेगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों का ऐसा संवेदनशील व्यवहार जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत करता है तथा जनसेवा की वास्तविक भावना को प्रदर्शित करता है।

संबंधित समाचार