UP News: ससुराल से लौटते वक्त हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार, गर्दन में तार फंसने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। तिलहर के बिठ्ठलपुर गांव के सामने खेत के पास लगे तार में उलझकर बाइक समेत एक युवक गिर गया जिससे गर्दन कटकर खून बहने लगा। परिवार वाले उसे गंभीर हालत में तिलहर सीएचसी पर ले गए, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

ससुराल से लौटते वक्त हादसा
तिलहर क्षेत्र के गांव बराह मोहब्बतपुर निवासी राजपाल ने इकलौते बेटे सूरजपाल(23) की शादी दो साल पहले जैतीपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर नदैया में ऊषा के साथ की थी। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सूरज पत्नी ऊषा को मायके भेजने के लिए बाइक से बिरसिंहपुर आया था। यहां उसने पत्नी को एक वाहन में बैठा दिया। घर लौटने के दौरान वह बिठ्ठलपुर प्रहलादपुर गांव के पास पहुंचा। वहां रोड पार कर लगाए गए तार उसकी गर्दन में उलझ गए, जिससे वह मौके पर रोड पर गिरा और उसकी बाइक गिसटती हुई खेत में जाकर गिरी।

चंद दिन पहले हुआ था बेटी का जन्म
वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले तिलहर सीएचसी पर ले गए। जहां डाक्टर ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। परिवार वाले उसका शव लेकर घर पर आ गए। पिता राजपाल ने सुबह तिलहर थाना पर सूचना दी। उसकी पत्नी ने सात अप्रैल को बेटी को जन्म दिया था। पांच मई को नामकरण की दावत थी और बेटी का नाम जमुना रखा गया था। 10 मई को उसकी बेटी की बीमारी से मौत हो गई। राजपाल ने बताया कि सूरज छोटा था तभी उसकी मां सुखरानी की मौत हो गई थी।

बल्ली लगाकर एक खेत से दूसरे खेत में लगाए जाते हैं तार
अखिल भारतीय कश्यप महासभा के जिला जगदीश चंद्र कश्यप ने बताया कि एक खेत पर तार लगाने के बाद उसी तार को बल्लियों के सहारे रोड पार कर दूसरे खेत में लगाया जाता है। तार काफी नीचे हो जाते, जिससे हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रोड पर तार लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

संबंधित समाचार