बरेली: अव्यवस्थाओं में सजेगा चौबारी पर कार्तिक मेला
बरेली, अमृत विचार। 15 नवंबर से चौबारी पर ऐतिहासिक कार्तिक मेला आरंभ होगा। रामगंगा घाट के आसपास मेला क्षेत्र में रौनक शुरू हो गई है। बड़े-बड़े झूले लग रहे हैं। प्रशासन ने भी तंबू लगा दिया है लेकिन रामगंगा घाट क्षेत्र में अभी तक साफ-सफाई नहीं हुई है। जिस रास्ते से श्रद्धालु घाट तक जाएंगे, …
बरेली, अमृत विचार। 15 नवंबर से चौबारी पर ऐतिहासिक कार्तिक मेला आरंभ होगा। रामगंगा घाट के आसपास मेला क्षेत्र में रौनक शुरू हो गई है। बड़े-बड़े झूले लग रहे हैं। प्रशासन ने भी तंबू लगा दिया है लेकिन रामगंगा घाट क्षेत्र में अभी तक साफ-सफाई नहीं हुई है। जिस रास्ते से श्रद्धालु घाट तक जाएंगे, उसकी स्थिति बेहद खराब है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर श्रद्धालुओं के साथ दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहेगी।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह मेला कमेटी के पदाधिकारियों को सफाई के साथ मेला क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद मेला कमेटी के लोगों ने साफ-सफाई कराने के अभी कोई इंतजाम नहीं किए हैं। करीब सात दिनों तक चलने वाले मेले में लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। घोड़ों का नखाशा लगता है। जिसमें दूरदराज के व्यापारी घोड़ों को लेकर पहुंचते हैं। सिल बट्टा सबसे ज्यादा बिकता है। राजस्थान के शिल्पकार बड़ी संख्या में मेला में दुकानें लगाते हैं।
मेला संपन्न कराने को पांच पीसीएस अफसरों की ड्यूटी लगाई
जिलाधिकारी ने मेला को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मेला कमेटी गठित की है। नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय को अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर, सीओ प्रथम, एसओ कैंट और सुभाषनगर को बतौर सदस्य रखा है। मेला क्षेत्र को चार जोन व आठ सेक्टर में बांटा गया है। इसके साथ अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, द्वितीय और एएसडीएम को भी निगरानी टीम में रखा गया है। बीडीओ और एबीएसओ को सेक्टर ड्यूटी में तैनाती दी गई है।
प्लास्टिक मुक्त मेला संपन्न कराने के हैं निर्देश
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मेला को प्लास्टिक मुक्त मेला संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। मेले में पूर्ण रूप से प्लास्टिक प्रतिबंध की गई है। तीन दिन पहले जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में अधीनस्थों के साथ मेला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक ली थी। डीएम ने सफाई कर्मियों की डयूटी दोगुनी संख्या में लगाने के निर्देश दिए। मेला परिसर में सैकड़ों की संख्या में डस्टबिन रखे जाएंगे।
